जाग्रेब, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। क्रोएशिया के हेड कोच ज्लटको डालिक ने कप्तान लुका मोड्रिक के आगामी फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए समय पर ठीक होने की उम्मीद जताई है। इस अनुभवी मिडफील्डर की हाल ही में चेहरे की चोट के बाद सर्जरी हुई है।
ज्लटको डालिक ने कहा, “मैं मोड्रिक से बात कर रहा हूं, और उनकी सफल सर्जरी और जल्दी ठीक होने की कामना करता हूं। मुझे यकीन है कि वह वर्ल्ड कप के लिए तैयार होने के लिए सब कुछ करेंगे। हम उन्हें पूरा सपोर्ट देंगे, और मुझे विश्वास है कि सब कुछ प्लान के मुताबिक होगा। हमारे कप्तान के तौर पर मुझे विश्वास है कि वह इस गर्मी में एक बड़े टूर्नामेंट में फिर से हमारी अगुवाई करेंगे।”
रविवार को एसी मिलान बनाम जुवेंटस मैच के दौरान चेहरे पर गंभीर चोट लगने के बाद मोड्रिक को सर्जरी करवानी पड़ी। 40 वर्षीय मिडफील्डर मोड्रिक इस सीजन में एसी मिलान के लिए एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी रहे हैं। सैन सिरो स्टेडियम में एरियल बॉल के लिए चैलेंज करते समय उनकी मैनुअल लोकाटेली से जोरदार टक्कर हो गई थी।
यह घटना मैच के आखिर में हुई थी, जिसके कारण मोड्रिक को लगभग 10 मिनट बाकी रहते हुए ही मैदान छोड़ना पड़ा था। मोड्रिक साफ तौर पर दर्द में दिखाई दे रहे हैं, लेकिन टीम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए वह मैच खत्म होने तक टचलाइन के पास ही खड़े रहे थे।
इसके बाद मोड्रिक के मेडिकल टेस्ट से पता चला कि उनके बाएं गाल की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है, जिसके कारण उन्हें तुरंत सर्जरी से गुजरना पड़ा। हालांकि, मोड्रिक की सर्जरी पूरी तरह से सफल रही है, और वह अब अपना पूरा ध्यान रिकवरी और रिहैब पर लगा रहे हैं।
क्रोएशिया लगातार चौथी बार फीफा वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगा। ग्रुप स्टेज में टीम का सामना इंग्लैंड, पनामा और घाना से होगा। 2018 की रनर-अप टीम टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत 17 जून को इंग्लैंड के खिलाफ करेगी। क्रोएशिया ने साल 2018 में फाइनल तक का सफर तय किया था, जबकि कतर में हुए फीफा वर्ल्ड कप 2022 में टीम तीसरे स्थान पर रही थी।
क्रोएशिया के पास सेमीफाइनल तक पहुंचने का शानदार रिकॉर्ड है। 40 साल के हो चुके मोड्रिक का यह आखिरी वर्ल्ड कप भी माना जा रहा है।
–आईएएनएस
एसएम/एबीएम
