Saturday, February 14, 2026

पूजा पाल ने सीएम योगी के बयान का किया समर्थन, बोलीं- भाजपा सरकार में मुझे न्‍याय मिला


लखनऊ, 13 फरवरी (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी से निष्कासित विधायक पूजा पाल ने मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के उस बयान का समर्थन किया है, जिसमें सीएम ने कहा कि राज्य सरकार पाल समाज के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। पूजा पाल ने कहा कि भाजपा सरकार के शासनकाल में मुझे न्‍याय मिला।

उत्तर प्रदेश विधानसभा में सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने शुक्रवार को अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राज्य सरकार पाल समाज के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने राजू पाल और उमेश पाल को न्याय दिलाने का काम किया, जो माता अहिल्याबाई होल्कर के समाज से जुड़े थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सामाजिक न्याय और सुरक्षा के मुद्दों पर पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।

पूजा पाल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता और पाल समाज भली-भांति जानते हैं कि कौन-सी सरकार उनके हित में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा अहिल्याबाई होल्कर के संबंध में कही गई बात सही है, क्योंकि भाजपा सरकार में उन्हें सम्मान दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया, जो पहले किसी सरकार ने नहीं किया था।

पूजा पाल ने कहा कि राजू पाल की हत्या निर्मम तरीके से की गई थी, और उस समय प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या के बाद परिवार को शव भी समय पर नहीं सौंपा गया, जिससे उस समय की व्यवस्था पर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में न्याय दिलाने की दिशा में कार्रवाई की और पाल समाज को भरोसा दिलाया।

उन्होंने कहा कि यह सच है कि उनके पति और विधायक राजू पाल की हत्या सपा सरकार के दौरान हुई, लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार ने उन्हें न्याय दिलाने का काम किया। पूजा पाल ने कहा कि केंद्र और राज्य की वर्तमान सरकार पाल समाज के लिए सबसे बड़ी हितैषी साबित हो रही है, और प्रदेश की जनता ने इसे देखा और समझा है।

–आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी


Related Articles

Latest News