सीएम सम्राट चौधरी का 2 जून को मुजफ्फरपुर दौरा, ग्रामीणों से करेंगे संवाद


मुजफ्फरपुर, 1 जून (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर प्रखंड अंतर्गत परसौनीनाथ पंचायत के गोसाईपुर गांव का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से गोसाईपुर पहुंचेंगे, जहां वह विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण करेंगे और ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुनेंगे। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ग्रामीण विकास, उद्योग, स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण तथा अन्य विभागों द्वारा लगाए गए करीब एक दर्जन स्टालों का अवलोकन करेंगे। इन स्टालों के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।

मुख्यमंत्री योजनाओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की समीक्षा भी करेंगे और अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करेंगे। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और अन्य लाभों का वितरण भी किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाना और विकास कार्यों की गति को तेज करना है।

मुख्यमंत्री ग्रामीणों के साथ संवाद कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। इस दौरान गांव और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े नागरिक अपनी समस्याएं, आवश्यकताएं और सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रख सकेंगे। इसके साथ ही यह भी चर्चा होगी कि विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक किस स्तर तक पहुंच रहा है और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतजाम किए हैं। प्रशासन द्वारा जारी संयुक्त आदेश के अनुसार कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए 200 से अधिक प्रशासनिक तथा लगभग 400 पुलिस अधिकारियों और जवानों की तैनाती की गई है। कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को बहुस्तरीय बनाया गया है।

सुरक्षा एजेंसियों ने कार्यक्रम स्थल के आसपास 17 स्थानों पर ड्रॉप गेट और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की है। प्रत्येक प्रवेश द्वार पर लोगों और वाहनों की सघन जांच की जाएगी। जाली पहचान पत्र के जरिए प्रवेश की आशंका को देखते हुए सुरक्षा कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

–आईएएनएस

एसएके/डीकेपी


Related Articles

Latest News