मुजफ्फरपुर हादसे पर सीएम सम्राट चौधरी ने शोक प्रकट किया, मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद की घोषणा


पटना, 3 मई (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर में हुए सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद की घोषणा की है।

बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने रविवार को मुजफ्फरपुर जिला के मोतीपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर में सड़क दुर्घटना में 4 लोगों की हुई असामयिक मृत्यु पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने इस घटना को काफी दुखद बताया है।

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से 4-4 लाख रुपए अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर रतनपुर के पास हुई है। ट्रक ट्रेलर लाइन होटल के सामने फोरलेन पर मुख्य लेन में खड़ा था। इसी दौरान एक कार तेजी से मुजफ्फरपुर शहर की ओर से आ रही थी। इसी समय बताया गया कि एक बाइक चालक बाइक लेकर सड़क क्रॉस करने लगा। कार चालक ने बाइक सवार को बचाने में अपने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और सड़क पर मेन लेन में खड़े ट्रक ट्रेलर में पीछे से कार की सीधी टक्कर हो गई।

इस घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। कार पर आगे में दो और पीछे में दो युवक सवार थे। चारों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और लोग राहत और बचाव कार्य में जुट गए। भीड़ के जमा होने के बाद इस सड़क पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हुआ।

घटना को लेकर मुजफ्फरपुर के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि मोतीपुर थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में कार पर सवार चार लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को कार से बाहर निकाला और अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। इस सड़क मार्ग पर भी आवागमन बहाल कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

–आईएएनएस

डीकेपी/


Related Articles

Latest News