पश्चिम बंगाल में 4 मई को सीएम ममता बनर्जी जाएंगी, भाजपा आएगी: केशव प्रसाद मौर्य


बर्धमान, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि 4 मई को भाजपा की सरकार आ रही है और सीएम ममता बनर्जी की विदाई तय है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या मंगलवार को पश्चिम बंगाल में थे, जहां उन्होंने बर्धमान दक्षिण, बर्धमान उत्तर, भातर, गल्सी, खंडाघोष, रैना, जमालपुर तथा मेमारी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित नामांकन सभा में हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता को अब ज्यादा दिनों तक टीएमसी के कुशासन को नहीं झेलना होगा। 4 मई ममता बनर्जी के जाने का समय है और बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी।

उन्होंने पश्चिम बंगाल की सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि यह लोकतंत्र के नाम पर एक हत्यारी सरकार है। इसने लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचल दिया है। टीएमसी के गुंडे अब न तो बूथ लूट पाएंगे और न ही लोगों को डरा-धमका पाएंगे। पश्चिम बंगाल के मतदाता अब अपने अधिकारों का स्वतंत्र रूप से प्रयोग करेंगे। बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनेगी तो विकास होगा।

डिप्टी सीएम ने सीएम ममता बनर्जी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी घबराहट में हैं। वह जानती हैं कि वोटिंग के बाद, जब 4 मई को नतीजे घोषित होंगे, तो ‘दीदी’ पश्चिम बंगाल में सत्ता को हमेशा के लिए अलविदा कह देंगी। पिछले 15 वर्षों में उन्होंने राज्य को बर्बाद कर दिया है। शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों को तैनात किया जा रहा है। टीएमसी के गुंडों द्वारा जो बूथों को लूटा जाता है और भय का माहौल बनाया जाता है।

उन्होंने कहा कि वोटरों और लोगों को बचाने के लिए केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है। बंगाल की जनता को भाजपा से प्यार है और बंगाल को विकास की मुख्यधारा में लाना हमारा लक्ष्य है।

बता दें कि मंगलवार को भाजपा के कई प्रत्याशियों ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन दाखिल किया। 294 विधानसभा सीटों के लिए दो चरण में मतदान कराए जाएंगे। 4 मई को परिणाम घोषित किया जाएगा।

–आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी


Related Articles

Latest News