चीन सूचकांकों और परिसंपत्तियों की वैश्विक स्थिति मजबूत करेगा


बीजिंग, 3 अगस्त (आईएएनएस)। चीनी प्रतिभूति नियामक आयोग (सीएसआरसी) के अध्यक्ष वू छिंग ने सोमवार को कहा कि चीन मुख्यभूमि और हांगकांग के सूचकांक संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देगा। इसका उद्देश्य चीनी परिसंपत्तियों पर आधारित अधिक सूचकांक उत्पादों को विकसित करना और वैश्विक बाजार में उनकी स्थिति को मजबूत करना है।

वू छिंग ने कहा कि दोनों क्षेत्रों के वित्तीय संस्थानों और उद्यमों को चीन की आधुनिक औद्योगिक व्यवस्था पर आधारित एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) उत्पाद जारी करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके साथ ही ईटीएफ उत्पादों के पंजीकरण तंत्र को और बेहतर बनाया जाएगा, ताकि चीनी सूचकांकों और परिसंपत्तियों की अंतर्राष्ट्रीय पहचान तथा प्रभाव को संयुक्त रूप से बढ़ाया जा सके।

वू छिंग ने यह बात हांगकांग में आयोजित रनमिनबी सरकारी बॉन्ड फ्यूचर्स के लॉन्च समारोह में कही। उन्होंने कहा कि चीन मुख्यभूमि और हांगकांग के बीच व्यावहारिक वित्तीय सहयोग को और गहरा करेगा तथा हांगकांग के पूंजी बाजार के विकास के लिए अधिक नीतिगत समर्थन देगा।

उन्होंने बताया कि इसके तहत अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार की योजना बना रहे मुख्यभूमि के उद्यमों को हांगकांग में सूचीबद्ध होने के लिए सहायता दी जाएगी। साथ ही, हांगकांग की उच्च गुणवत्ता वाली सूचीबद्ध कंपनियों को मुख्यभूमि के बाजार में सूचीबद्ध होने के अवसरों का समर्थन किया जाएगा। इसके अलावा, योग्य हांगकांग कंपनियों को मुख्यभूमि में बॉन्ड जारी करने की सुविधा देने पर भी काम किया जाएगा।

वू छिंग ने यह भी कहा कि दोनों क्षेत्रों में प्रतिभूति और वायदा क्षेत्र के पेशेवरों के लिए योग्यता मान्यता के दायरे को बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। इससे वित्तीय क्षेत्र में प्रतिभाशाली लोगों के लिए दोनों जगहों पर काम करने के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे।

इसी दिन, 5 वर्षीय रनमिनबी सरकारी बॉन्ड फ्यूचर्स को हांगकांग में आधिकारिक रूप से लॉन्च किया गया।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

–आईएएनएस

एबीएम/


Related Articles

Latest News