नई दिल्ली, 27 जून (केसरिया न्यूज़)। अंतरराष्ट्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम दिवस (अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस) के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आज ‘अंतरराष्ट्रीय एमएसएमई दिवस’ के अवसर पर उत्तर प्रदेश की उद्यमशीलता, युवा सामर्थ्य और आत्मनिर्भरता के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी।”
उन्होंने आगे लिखा, “इस अवसर पर नोएडा, गौतमबुद्ध नगर में यू.पी. इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) के चतुर्थ संस्करण की कर्टेन रेजर सेरेमनी के साथ ही ओडीओपी एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूल किट, एमएसएमई इकाइयों एवं तकनीकी उन्नयन योजना के लाभार्थियों को सब्सिडी चेक तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लाभार्थियों को सहायता राशि का वितरण किया जाएगा। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकर्स का सम्मान भी होगा।
सीएम योगी ने लिखा कि इसके उपरांत 2,479 करोड़ रुपए की लागत से सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन सहित 70 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के साथ विकास के एक नए अध्याय का शुभारंभ होगा। आइए, आत्मनिर्भर, उद्यमी और ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ की इस विकास यात्रा के सहभागी बनें।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “अंतरराष्ट्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) दिवस के अवसर पर सभी उद्यमियों, नवोन्मेषकों और कर्मशील नागरिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। सीएम धामी ने आगे लिखा, “एमएसएमई क्षेत्र हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, जो रोजगार सृजन, नवाचार और आत्मनिर्भरता को नई गति प्रदान कर रहा है। विशेष रूप से उत्तराखण्ड के पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यम न केवल युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ रहे हैं, बल्कि पलायन रोकने और समृद्ध ग्राम्य अर्थव्यवस्था के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “अंतरराष्ट्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग दिवस पर प्रदेश के उद्यमियों, स्टार्टअप्स, कारीगरों एवं श्रमिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।” उन्होंने आगे लिखा कि आप सभी के परिश्रम, नवाचार और उद्यमशीलता से मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन के नए आयाम स्थापित कर रहा है। एमएसएमई आत्मनिर्भर भारत के साथ-साथ विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण की भी मजबूत आधारशिला हैं।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में एमएसएमई क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। अपने नवाचार, परिश्रम और उद्यमशीलता के माध्यम से प्रदेश एवं देश की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान कर रहे सभी उद्यमियों को एमएसएमई दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं! उन्होंने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हमारी डबल इंजन सरकार उद्यम, निवेश और नवाचार को बढ़ावा देकर एमएसएमई क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
–केसरिया न्यूज़
