मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर प्रदेशवासियों को दीं हार्दिक शुभकामनाएँ

केसरिया न्यूज़, लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने भारतीय संविधान के शिल्पी, भारत रत्न बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर जी की जयंती के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत की उस समतामूलक चेतना के प्रणेता हैं, जिसने समाज की अन्तिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी अधिकार, सम्मान और अवसर का भरोसा दिया। उन्होंने सामाजिक न्याय, समानता और मानव गरिमा को राष्ट्र जीवन का आधार बनाने के लिए जो दूरदर्शी दृष्टि प्रस्तुत की, वह आज भी हमारे लोकतंत्र की मूल आत्मा है।


मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बाबा साहब का सम्पूर्ण जीवन वंचित, शोषित और उपेक्षित वर्गों के अधिकारों की पुनर्स्थापना के लिए समर्पित रहा। उन्होंने शिक्षा, संगठन और संघर्ष के माध्यम से समाज में व्याप्त असमानताओं को चुनौती दी और एक ऐसे भारत की नींव रखी, जहाँ न्याय और अवसर किसी वर्ग विशेष तक सीमित न रहकर प्रत्येक नागरिक का अधिकार हो।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज ‘अमृतकाल’ में जब भारत आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास के पथ पर अग्रसर है, तब बाबा साहब के विचार हमें अधिक संवेदनशील, न्यायपूर्ण और सशक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। उत्तर प्रदेश सरकार उनके आदर्शों के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग का सर्वांगीण विकास, सामाजिक सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने के लिए सतत् कार्य कर रही है।


मुख्यमंत्री जी ने आह्वान किया कि हम सभी बाबा साहब के आदर्शों को अपने आचरण में उतारते हुए भेदभावमुक्त, न्यायपूर्ण और समरस समाज के निर्माण का संकल्प लें, यही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Related Articles

Latest News