लीड्स, 17 जून (आईएएनएस)। विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच आयरलैंड ने अपनी टीम में तेज गेंदबाज जेन मैगुआर को शामिल किया है, क्योंकि मीडियम पेसर आवा कैनिंग पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण टीम से बाहर हो गई हैं।
आईसीसी ने टूर्नामेंट की इवेंट टेक्निकल कमेटी से मंजूरी मिलने के बाद आयरलैंड की टीम में जेन को शामिल करने की पुष्टि की। इस कमेटी में वसीम खान (चेयर और आईसीसी जनरल मैनेजर- क्रिकेट), गौरव सक्सेना (आईसीसी जनरल मैनेजर- इवेंट्स और कॉर्पोरेट कम्युनिकेशंस), बेथ बैरेट-वाइल्ड (टूर्नामेंट डायरेक्टर और होस्ट प्रतिनिधि) और स्टेसी-एन किंग (इंडिपेंडेंट नॉमिनी) शामिल हैं।
बुधवार को आईसीसी की तरफ से जारी बयान में कहा गया, “आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की इवेंट टेक्निकल कमेटी ने आयरलैंड की टीम में आवा कैनिंग की जगह जेन मैगुआर को मंजूरी दे दी है। किसी खिलाड़ी को बदलने के लिए इवेंट टेक्निकल कमेटी की मंजूरी जरूरी होती है, ताकि नए खिलाड़ी को आधिकारिक तौर पर टीम में शामिल किया जा सके।”
आवा कैनिंग मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ आयरलैंड का मैच नहीं खेल सकी थीं। साउथेम्प्टन के रोज बाउल में हुए इस मैच में आयरलैंड को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। कैनिंग की गैर-मौजूदगी में लुईस लिटिल आयरलैंड की प्लेइंग इलेवन में आईं और नाबाद 26 रन बनाए।
क्रिकेट आयरलैंड ने अपने बयान में कहा, “पिछले शनिवार को स्कॉटलैंड के खिलाफ मैच के बाद पीठ में परेशानी की शिकायत के बाद कैनिंग को एहतियात के तौर पर स्कैन के लिए भेजा गया था। दुर्भाग्य से, स्कैन में लेइनस्टर की इस ऑलराउंडर की पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर का पता चला है और वह ठीक होने और रिहैबिलिटेशन शुरू करने के लिए तुरंत घर लौटेंगी। मैगुआर कल (गुरुवार) टीम के साथ जुड़ेंगी।”
23 वर्षीय जेन ने 39 टी20 मुकाबलों में 22.81 की औसत से 33 विकेट हासिल किए हैं। उन्होंने इस साल जनवरी में टी20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर के दौरान नीदरलैंड के खिलाफ 9 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे। इससे पहले, ‘विमेंस सुपर टी20 सीरीज’ में घुटने की चोट के कारण उन्हें टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया गया था। जेन के स्थान पर उनकी बहन ऑफ-स्पिनर एमी मैगुआर को 15-सदस्यीय टीम में शामिल किया गया था।
‘ग्रुप बी’ में आयरलैंड की टीम ने अब तक अपने दोनों मैच गंवाए हैं। इस टीम को स्कॉटलैंड के विरुद्ध 40 रन से हार का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद उसे इंग्लैंड ने 4 विकेट से हराया। यह टीम 19 जून को न्यूजीलैंड से भिड़ेगी, जिसके बाद 23 जून को श्रीलंका और 27 जून को वेस्टइंडीज से इस टीम का सामना होगा।
–आईएएनएस
आरएसजी
