मुंबई, 18 मार्च (आईएएनएस)। 19 मार्च को श्रद्धा और आस्था से भरे मां भगवती के चैत्र नवरात्रि शुरू होने वाले हैं।
देश के कोने-कोने में बने शक्तिपीठ और सिद्धपीठ मंदिरों में मां के आगमन की तैयारी शुरू हो चुकी है और इसी कड़ी में सांसद व भोजपुरी गायक-अभिनेता मनोज तिवारी का पहला देवी गीत रिलीज हो गया है। गीत में जन्म देने वाली माई में ही मां के नौ रूपों को भक्ति और प्रेम के साथ दिखाया गया है।
मनोज तिवारी का पहला चैत्र नवरात्रि का भक्ति गीत ‘ममता की छांव’ रिलीज हो चुका है। गीत में मां दुर्गा में जन्म देने वाली मां को दिखाया गया है, जो जन्म देने के साथ, अपनी आखिरी सांस तक बच्चों के लिए सबकुछ न्योछावर कर देती है। गीत में मनोज तिवारी प्रार्थना करते हैं कि वह जब भी सुबह उठें तो अपनी जन्म देने वाली मां का चेहरा ही देखें, जिन्होंने उन्हें संसार में रहने योग्य बनाया। गीत में कैसे एक मां बच्चे की हर मुश्किल घड़ी में उसका साथ देती है और उसकी पहली सीख भी बनती है, इन भावुक कर देने वाले पलों को दिखाया गया है।
गीत को मृदुल भक्ति टीवी पर रिलीज़ किया गया है, और खास बात यह भी है कि मनोज तिवारी ने सिर्फ गीत को अपनी आवाज़ दी है बल्कि गीतकार डी ब्रूक के साथ मिलकर गाया भी है। गाने का संगीत वीके बीट्स ने दिया है। अपने प्यारे से गीत को शेयर कर अभिनेता ने लिखा, “ममता भी तू, शक्ति भी तू, माँ भी तू, जगदंबा भी तू, यह कहानी सिर्फ़ मेरी नहीं बल्कि हर उस बेटे की है जिसके लिए उसकी माँ ही उसकी दुनिया है। ममता से भरे इस खूबसूरत गीत को ज़रूर सुनें और अपना प्यार व आशीर्वाद दें।”
उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी राजनीति के क्षेत्र के साथ भोजपुरी गीतों में भी सक्रिय हैं। अपने करियर में उन्होंने कई हिट देवी पचरा गीत दिए हैं। उन्होंने ‘मईया लाले रंगवा ना,’ ‘शीतला भवानी हे मईया,’ ‘चल विन्ध्याचल में,’ ‘निमिया के डाढ़ मईया’, और ‘पहाड़े बइठइं ना’ जैसे भक्ति से भरे गीत गाए हैं।
–आईएएनएस
पीएस/पीएम
