Tuesday, February 24, 2026

सेंट्रल ईरान में सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 4 की मौत


तेहरान, 24 फरवरी (आईएएनएस)। ईरानी आर्मी की एविएशन यूनिट का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। मंगलवार को सेंट्रल ईरान में हुए इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। सरकारी मीडिया ने इसे रिपोर्ट किया है।

हेलीकॉप्टर इस्फहान प्रांत में गिरा। तस्नीम मीडिया एजेंसी के मुताबिक ईरानी सेना की एविएशन यूनिट का एक हेलीकॉप्टर मंगलवार सुबह इस्फहान प्रांत के खोमेनी शाहर काउंटी स्थित फल-सब्जी मार्केट में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे में पायलट, को-पायलट और दो विक्रेताओं के मारे जाने की पुष्टि की गई है।

इस्फहान प्रांत के संकट प्रबंधन महानिदेशक ने आईआरएनए को बताया कि बचाव दल, दमकलकर्मी और आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं तुरंत घटनास्थल पर भेजी गईं और उन्होंने आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब ईरान पर हमले की अमेरिकी धमकियों के बीच ईरानी मिलिट्री हाई अलर्ट पर है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सीमित हमले की धमकी भी दे चुके हैं। हाल ही में उड़ान ट्रैकिंग डेटा से पता चला कि अमेरिका से मध्य पूर्व एशिया क्षेत्र की ओर सुरक्षाकर्मियों, गोला-बारूद और उपकरणों को ले जाने वाले विमानों का निरंतर आना-जाना लगा हुआ है।

प्रतिबंधों से जूझ रहे ईरान को हाल के सालों में कई हवाई हादसों का सामना करना पड़ा है; अधिकारियों ने शिकायत की है कि उसके पुराने हो रहे विमानों को बनाए रखने के लिए स्पेयर पार्ट्स मिलने में मुश्किलें आ रही हैं।

आईआरएनए न्यूज एजेंसी के अनुसार, ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर ने बताया कि गुरुवार को, पश्चिमी हमेदान प्रांत में देर रात ट्रेनिंग एक्सरसाइज के दौरान एक ईरानी फाइटर जेट क्रैश हो गया था, जिसमें सवार दो पायलटों में से एक की मौत हो गई जबकि दूसरा खुद को बचाने में कामयाब रहा था।

–आईएएनएस

केआर/


Related Articles

Latest News