लखनऊ: ट्रैफिक पुलिस से बदसुलूकी का मामला, आरोपी चालक गिरफ्तार, गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज  

अयोध्या रोड पर कमता तिराहे के पास कार की बोनट पर ट्रैफिक सिपाही को लादकर 200 मीटर तक फर्राटा भरने वाले चालक सत्यम को चिनहट पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सिपाही की तहरीर पर हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।

घटना के बाद शनिवार को अधिवक्ता के वेश में पहुंचे लोगों के हंगामे और दबाव में पुलिस ने आरोपी चालक को छोड़ दिया था। सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल होने के बाद पुलिस ने आनन-फानन में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार कार चालक सत्यम वर्मा अयोध्या जनपद के कलंदपुर पूरा इलाके के शिवदार पुर का रहने वाला है। शनिवार को ट्रैफिक सिपाही गौरव बंसल कमता तिराहे पर खड़े डग्गामार वाहनों को हटवा रहा था। इसी दौरान सड़क पर खड़ी कार को देख चालक को बाहर आने को कहा।

कार में करीब पांच-छह लोग सवार थे। कार चालक ने सिपाही को टक्कर मारी तो वह बोनट पर गिर गया। इसके बाद चालक ने कार दौड़ा ली थी। बोनट पर लदा सिपाही की चीख पुकार सुनकर साथी पुलिस कर्मियों ने पीछा कर चिनहट तिराहे पर कार रोक ली। सिपाही को बचाया और चालक को धर दबोचा था। इंस्पेक्टर के मुताबिक आरोपी चालक के खिलाफ सिपाही की हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा और मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

Related Articles

Latest News