UP: 8 हजार रुपये में पेपर दिलाने का दावा, लखनऊ में मुकदमा दर्ज

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा से पहले ठग सक्रिय हो गए हैं। टेलीग्राम पर ‘UPP Exam Paper’ नाम से चैनल बनाकर धोखाधड़ी का गंदा धंधा शुरू कर दिया गया। अभ्यर्थियों को 8000 रुपये में पर्चा देने का झांसा दिया जा रहा है। चैनल पर क्यूआर कोड और बैंक डिटेल भी मिली है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रमोशन बोर्ड ने चैनल के खिलाफ हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को होने जा रही है।

शासन स्तर पर तैयारियां कर ली गई हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रश्न पत्रों को संबंधित जिलों के स्ट्रांग रूम में पहुंचाए गए हैं। नोडल अधिकारी निगरानी कर रहे हैं। पारदर्शी तरीके से परीक्षा कराने को लेकर शासन-प्रशासन से लेकर एसटीएफ, साइबर सेल और जिला पुलिस तक, सब हाई अलर्ट पर हैं। 

सोशल मीडिया पर मिला चैनल 


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर परीक्षा को लेकर भ्रामक सूचनाओं की निगरानी के क्रम में भर्ती बोर्ड को टेलीग्राम पर एक चैनल मिला है। यूपीपी एग्जाम पेपर नाम से बनाए गए इस चैनल पर परीक्षा से जुड़ी अवैध और धोखाधड़ी वाली सामग्री मिलने की बात सामने आई है। यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रमोशन बोर्ड के मुताबिक, परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के दावे किए गए। लिखित परीक्षा के प्रश्न पत्र उपलब्ध कराने का मैसेज वायरल किया गया है।  


हजरतगंज में मुकदमा दर्ज 


यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रमोशन बोर्ड के सतर्कता प्रकोष्ठ विभाग में तैनात इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने चैनल के विरुद्ध हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। बोर्ड ने इसकी जांच डिप्टी पुलिस अधीक्षक विकास कुमार जायसवाल को सौंपी है। वह मामले की जांच में जुटे हैं। 

Related Articles

Latest News