जर्मनी में प्राइड सेलिब्रेशन के दौरान भीड़ में घुसी गाड़ी; एक की मौत, 17 घायल


बर्लिन, 26 जुलाई (आईएएनएस)। जर्मनी में एक समारोह के दौरान अचानक से एक कार के घुसने का मामला सामने आया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार शाम को सेंट्रल बर्लिन में एक बड़े प्राइड सेलिब्रेशन में एक कार के भीड़ में घुस जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए। घायलों में से कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

यह घटना क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे (सीएसडी) परेड के दौरान हुई, जो बर्लिन का सबसे बड़ा प्राइड सेलिब्रेशन है। न्यूज एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि स्थानीय समयानुसार रात 10 बजे से कुछ देर पहले, एक शख्स सफेद गाड़ी लेकर भीड़ में घुस गया।

इससे पहले, 16 लोगों के घायल होने की खबर थी। हताहतों के आंकड़ों को अपडेट करते हुए, बर्लिन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट लिखा, “ताजा जानकारी के अनुसार, 17 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है और कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। रिश्तेदारों के लिए 030 8485 4460 पर एक सूचना केंद्र बनाया गया है।”

पुलिस ने कहा कि घटना की जांच जारी है। समारोह को रद्द करने के बाद इलाके को घेर लिया गया और एक बड़ा पुलिस ऑपरेशन शुरू हो गया था। कई पुलिस अधिकारी, फायरफाइटर और इमरजेंसी मेडिकल स्टाफ को मौके पर भेजा गया, जहां घायलों का इलाज किया जा रहा था।

जर्मन न्यूज एजेंसी डीपीए के मुताबिक, गवाहों ने पुलिस को बताया कि कुछ लोगों को चाकू के घाव लगे थे। पुलिस ने कहा कि इन्वेस्टिगेटर यह जांच कर रहे हैं कि गाड़ी के भीड़ में घुसने के बाद हमला का दूसरा फेज हुआ था या नहीं।

पुलिस ने कहा कि एक या ज्यादा संदिग्धों की गहन तलाशी चल रही है। घटना का मकसद और हालात की जांच अभी भी चल रही है।

बर्लिन के गवर्निंग मेयर काई वेगनर ने एक्स पर लिखा कि शांतिपूर्ण सीएसडी इवेंट पर सबसे बेरहमी से हमला किया गया था। मेयर वेगनर ने इसे आजाद और खुले समाज पर हमला करार दिया।

वेगनर ने कहा, “यह हमारे आजाद और खुले समाज पर हमला है। एक शांतिपूर्ण और रंगीन सीएसडी के बाद, एक सहनशील और शांतिपूर्ण बर्लिन के लिए असेंबली पर सबसे बेरहमी से हमला किया गया। बर्लिन आजादी का शहर है और आज हमारी आजादी पर सबसे भयानक तरीके से हमला किया गया है।”

उन्होंने कहा कि मेरी दुआएं पीड़ितों, उनके परिवारों और दोस्तों के साथ हैं। मैं इमरजेंसी सर्विस को धन्यवाद देता हूं जो तुरंत मौके पर पहुंचीं और अपनी पूरी ताकत से काम किया। और मुझे पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों पर भरोसा है, जो पूरी तेजी से जांच करेंगे।

इस साल की सीएसडी परेड में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।

–आईएएनएस

केके/पीएम


Related Articles

Latest News