Thursday, February 19, 2026

कप्तान और कोच ने मिडिल ओवर्स में स्ट्राइक रेट ऊंचा रखने को कहा था: शिवम दुबे


अहमदाबाद, 18 फरवरी (आईएएनएस)। भारत ने नीदरलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 36वें मुकाबले में 17 रन से जीत दर्ज की। बल्ले के साथ 66 रन और गेंद से 2 विकेट हासिल करने वाले शिवम दुबे को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। इस खिलाड़ी ने खुलासा किया है कि कप्तान और कोच ने उनसे मिडिल ओवर्स में आते ही स्ट्राइक रेट ऊंचा रखने को कहा था।

भारत ने शिवम दुबे की अर्धशतकीय पारी की मदद से 6 विकेट खोकर 193 रन बनाए। इसके जवाब में नीदरलैंड की टीम 7 विकेट गंवाकर 176 रन ही बना सकी।

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने जाने के बाद शिवम दुबे ने कहा, “विकेट थोड़ा मुश्किल था, लेकिन यह वही स्थिति है जिसमें मुझे बल्लेबाजी करना पसंद है और मैं इसका आनंद ले रहा था। कुछ समय दबाव में भी था, ऑफ स्पिनर ने मुझे अच्छी गेंदबाजी की। चार डॉट गेंदें रहीं और वह ओवर उसके पक्ष में गया, लेकिन मुझे पता था कि बाद में मैं इसकी भरपाई कर लूंगा। गेंद स्किड भी कर रही थी और नीची भी रह रही थी। एक गेंद घूमी भी। उस समय मेरे लिए यह समझना जरूरी था कि मैं हिट कर सकता हूं, लेकिन मैच की स्थिति कुछ और मांग रही थी, इसलिए उसी हिसाब से खेलना पड़ा। मैं बाउंड्री लगाने की कोशिश करता हूं, छक्के मारना मुझे पसंद है और मैं इसका लुत्फ उठाता हूं, लेकिन जब गेंदबाज अच्छा हो, तो स्थिति के मुताबिक खुद को बाउंड्री मारने के लिए तैयार करना पड़ता है।”

शिवम दुबे ने कहा, “मैंने इसी तरह तैयारी की थी क्योंकि मुझे पता है कि गेंदबाज मुझे ब्लॉक करने की कोशिश करेंगे। वे यॉर्कर या लेंथ नहीं डालेंगे, शॉर्ट और स्लोअर गेंदें डालेंगे। इसलिए मैं उसी का इंतजार कर रहा था।”

इस मुकाबले की 31 गेंदों में 6 छक्के और 4 चौके लगाने वाले दुबे ने कहा, “कप्तान और कोच ने मुझसे कहा है कि मिडिल ओवर्स में आते ही स्ट्राइक रेट ऊंचा रखना है, लेकिन यह स्थिति पर निर्भर करता है। आज जब मैं आया, तब तुरंत तेज खेलने की स्थिति नहीं थी। फिर एक समय आया जब लगा, अब जा सकता हूं।”

दुबे ने इस मुकाबले में 3 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 35 रन देकर 2 विकेट निकाले। उन्होंने गेंदबाज के रूप में अपनी भूमिका को लेकर कहा, “मैं अपनी गेंदबाजी पर काफी मेहनत कर रहा हूं और नतीजे भी दिख रहे हैं। टी20 का खेल है, कभी आप मारेंगे, कभी आप पर मार पड़ेगी, लेकिन विकेट भी मिलेंगे।”

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News