बुलंदशहर में पुलिस और बदमाश में मुठभेड़, चोरी की बाइक, तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद


बुलंदशहर, 15 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र में पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच शनिवार देर रात मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने बदमाश के पास से एक बाइक, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार, सिकंदराबाद पुलिस को क्षेत्र में एक संदिग्ध बदमाश की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान गांव जौली के पास पुलिस को एक संदिग्ध युवक बाइक पर आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। घायल बदमाश की पहचान गांव जौली निवासी मंगल के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी मंगल एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से एक चोरी की बाइक, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

घायल मंगल को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और आपराधिक गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

सीओ भास्कर मिश्रा ने बताया कि बदमाश मंगल की पुलिस काफी दिनों से तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना के आधार पर शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाश से पूछताछ की जा रही है जिससे इसके साथियों को गिरफ्तार किया जा सके। इसके लिए टीम का गठन कर दिया गया है।

–आईएएनएस

एसएके/एएस


Related Articles

Latest News