ज्येष्ठ अधिकमास पर महाकाल की भस्म आरती में पहुंचे बॉलीवुड सितारे, लिया आशीर्वाद


उज्जैन, 1 जून (आईएएनएस)। ज्येष्ठ अधिकमास कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि पर विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल की भस्म आरती में फिल्मी सितारों का जमावड़ा देखने को मिला। प्रसिद्ध टीवी एवं फिल्म अभिनेता जय भानुशाली और हाल ही में विवाह बंधन में बंधीं टीवी अभिनेत्री आरती सिंह ने भोर में होने वाली भगवान महाकाल की दिव्य भस्म आरती में शामिल होकर दर्शन किए। उनके साथ ही बॉलीवुड के दिग्गज फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने भी भस्म आरती के दर्शन कर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।

भस्म आरती के बाद आईएएनएस से बातचीत में मधुर भंडारकर ने मंदिर की अद्भुत व्यवस्थाओं की जमकर तारीफ की और अपनी आगामी फिल्मों की सफलता के लिए बाबा से प्रार्थना की।

उन्होंने कहा, “भस्म आरती में शामिल होकर मुझे बहुत अच्छा लगा। इसमें शामिल होकर आत्मा को एक अलग शांति और तृप्ति मिलती है। मुझे लगता है कि यहां आकर जो दिव्य ऊर्जा महसूस होती है, उसे शब्दों में बयां करना थोड़ा मुश्किल है। महाकाल मंदिर से मेरा पुराना रिश्ता रहा है। मैं पिछले 20-22 वर्षों से लगातार यहां आ रहा हूं। आज मैंने अपने सभी करीबियों के लिए बाबा से प्रार्थना की। महाकाल का आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे। जितनी बार भी मैं उज्जैन आता हूं, मुझे यहां काफी परिवर्तन देखने को मिलता है, जिसके लिए मैं मुख्यमंत्री को धन्यवाद देना चाहता हूं।”

निर्देशक ने अपने आगामी प्रोजेक्ट के बारे में बात करते हुए बताया कि उनकी फिल्म ‘द वाइव्स’ आने वाली है। उन्होंने कहा, “फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और पोस्ट-प्रोडक्शन का काम चल रहा है। जैसे ही फिल्म की रिलीज डेट तय होगी, उसकी जानकारी सभी को दी जाएगी। मुझे लगता है कि फिल्म अक्टूबर-नवंबर के दौरान रिलीज हो सकती है। फिल्म के पर्दे पर आने से पहले मैं महाकाल का आशीर्वाद लेने जरूर आऊंगा।”

अभिनेत्री आरती सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि वे इससे पहले अप्रैल में बाबा के दरबार में आई थीं, लेकिन भस्म आरती में शामिल नहीं हो पाई थीं, जिसका उन्हें मलाल था। हालांकि, इस बार भस्म आरती में शामिल होकर उन्हें बहुत अच्छा लगा।

उन्होंने कहा, “मेरे मन में इच्छा थी कि मैं एक बार भस्म आरती में जरूर शामिल होऊं। आरती के बाद मुझे ऐसा महसूस हो रहा है, जिसे मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकती। आपसे बात करते हुए अभी भी मेरे रोंगटे खड़े हो रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं इंदौर एक शो के सिलसिले में आई थी, लेकिन बाबा ने बुलाया और हम यहां चले आए। मुझे लगता है कि बाबा ही हमें बुलाते हैं। यहां जिस तरह की ऊर्जा का एहसास हो रहा है, वैसा मैंने पहले कभी महसूस नहीं किया। मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि बाबा की कृपा और आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे।”

अभिनेता जय भानुशाली ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा, “यहां का अनुभव बहुत दिव्य था। कई वर्षों से मेरे दोस्त और परिवार के लोग यहां आते रहे हैं और मैं हमेशा इसी उम्मीद में रहता था कि मेरा बुलावा कब आएगा। आज वह दिन आ गया। भस्म आरती में शामिल होकर मैं यहां से दिव्य ऊर्जा लेकर जा रहा हूं। मैंने कई लोगों से सुना था कि यदि आप एक बार भस्म आरती में शामिल हो जाएं, तो आप एक अलग ऊर्जा और अनुभव के साथ मंदिर से बाहर निकलते हैं। आज मैं वही महसूस कर रहा हूं।”

–आईएएनएस

एनएस/एएस


Related Articles

Latest News