सड़क हादसे में बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बहनोई की मौत, बहन की हालत गंभीर


धनबाद, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। धनबाद के निरसा में फिल्म अभिनेता पंकज त्रिपाठी के बहनोई और उनकी बहन एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। इसमें उनके बहनोई राकेश तिवारी की मौत हो गई।

हादसे में उनकी बहन सविता तिवारी गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक मृतक राकेश तिवारी बंगाल में रेलवे में पोस्टेड थे और बिहार के गोपालगंज से अपनी पत्नी के साथ वापस बंगाल लौट रहे थे। इसी दौरान निरसा बाजार में उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

यह भीषण हादसा निरसा एनएच पर हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी फ्लाइट से कोलकाता पहुंच गए हैं। इसके बाद कोलकाता एयरपोर्ट से वे सड़क मार्ग से होते हुए धनबाद के लिए रवाना हो गए हैं।

अभिनेता पंकज त्रिपाठी बिहार के गोपालगंज के रहने वाले हैं और बहुत कम समय में बॉलीवुड के बेहद सुलझे अभिनेताओं में शुमार हुए हैं।

–आईएएनएस

एकेएस/एबीएम


Related Articles

Latest News