Sunday, February 22, 2026

भाजपा उम्मीदवार अनिल बलूनी ने वीर शिरोमणि माधो सिंह भंडारी प्रतिमा स्थल पर की पूजा-अर्चना


देवप्रयाग/मलेथा, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तराखंड की पौड़ी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अनिल बलूनी गुरुवार को चुनाव प्रचार के लिए देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के मलेथा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने वीर शिरोमणि माधो सिंह भंडारी प्रतिमा स्थल पर पूजा अर्चना की और प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।

इसके अलावा उनके पुरुषार्थ की प्रतीक उस गूल (नहर) का आचमन किया, जिसने मलेथा की मरुभूमि को सोना उगलने वाली धरती बना दिया।

उन्होंने कहा कि मलेथा स्थित वीर शिरोमणि माधो सिंह भंडारी की प्रतिमास्थल पर पहुंचकर उत्तराखंड के इस महान सपूत का माल्यार्पण कर उनके द्वारा निर्मित सिंचाई गूल को करीब से देखने का अवसर मिला। वीर माधो सिंह भंडारी हमारे गौरव हैं। लोक गीतों में उनकी गाथा के प्रमाण मिलते हैं। प्रसिद्ध पर्वतीय लोकपर्व इगास की किंवदंती भी उनसे जुड़ी हुई है।

इसके बाद भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी ने देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी के कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। इस अवसर पर विधायक विनोद कंडारी, देवप्रयाग विधानसभा के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।

–आईएएनएस

स्मिता/एबीएम


Related Articles

Latest News