पीएम मोदी के मार्गदर्शन में बिहार का कृषि क्षेत्र नई ऊंचाइयों को छुएगा: विजय सिन्हा


पटना, 28 मई (आईएएनएस)। बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कृषि क्षेत्र में युवाओं और महिला उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाने समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और प्रधानमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

विजय सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई आत्मीय चर्चा में ‘विकसित बिहार, विकसित भारत’ के संकल्प को कृषि क्षेत्र में साकार करने के लिए युवाओं एवं महिला उद्यमियों की सकारात्मक और सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करने पर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श हुआ।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का दूरदर्शी नेतृत्व और कृषि क्रांति के प्रति उनका समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके मार्गदर्शन में बिहार का कृषि क्षेत्र नई ऊंचाइयों को छुएगा।

इससे पहले, केंद्र में भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विजय सिन्हा ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए विपक्ष से भी सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की।

आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सरकार की आलोचना करना है, लेकिन अब विपक्ष भी यह स्वीकार करने लगा है कि भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश विकसित राष्ट्र बनने की राह पर तेजी से अग्रसर है।

विजय सिन्हा ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में सामाजिक सद्भाव बढ़ा है और दंगे तथा अशांति की घटनाओं में कमी आई है। उन्होंने दावा किया कि नभ, थल और जल तीनों क्षेत्रों में विकास की गति तेज हुई है तथा आधारभूत संरचना में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिला है। साथ ही लोगों के कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा।

प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपना व्यक्तिगत सुख त्यागकर 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानते हुए राष्ट्र के विकास और कल्याण के लिए कार्य किया है।

बिहार को कृषि प्रधान राज्य बताते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि राज्य की 76 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है, जबकि 94 प्रतिशत किसान छोटे और सीमांत वर्ग से आते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि पर आधारित है और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से किसानों की आय बढ़ाने का अनुकूल माहौल बना है।

हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि छोटे किसानों को निवेश संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार इस समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

विजय सिन्हा ने बताया कि राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान 47 लाख किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा चुकी है। अब सरकार का लक्ष्य 50 लाख और किसानों की फार्मर आईडी तैयार करने का है।

उन्होंने कहा कि यदि किसानों का समग्र विकास सुनिश्चित हो जाता है तो उनके परिवारों के साथ-साथ पूरा बिहार भी उन्नति की नई राह पर आगे बढ़ेगा।

–आईएएनएस

डीएससी


Related Articles

Latest News