बिहार: स्टेज पर दुल्हन को गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, एकतरफा प्रेम में मारी थी गोली


बक्सर, 26 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के बक्सर जिले के चौसा में जयमाला के दौरान दुल्हन को गोली मारने वाले आरोपी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान दीनबंधु के रूप में की गई है।

पुलिस के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि यह घटना 24 फरवरी की रात की है जब एक शादी समारोह के दौरान जयमाला की रस्म चल रही थी, तभी अचानक दुल्हन को गोली मारी गई।

बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद ही मामले की जांच के लिए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित टीम के द्वारा तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी की गई।

छापेमारी के क्रम में घटना में संलिप्त आरोपी दीनबंधु चौधरी को समाहरणालय बक्सर के पास से गिरफ्तार किया गया। जब पूछताछ की गई तो गिरफ्तार आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी दुल्हन का पड़ोसी था। उसके द्वारा बताया गया कि एकतरफा प्रेम-प्रसंग को लेकर उसने युवती को गोली मारी है।

बक्सर एसपी शुभम आर्य ने आगे बताया कि आरोपी ने हथियार पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से खरीदा था, जिसे बरामद कर लिया गया है। उसने जयमाला का दिन और समय पहले से तय कर रखा था। उन्होंने पुलिस को यह भी बताया कि पिस्टल से सिर्फ एक ही गोली चली, बाकी गोलियां नहीं चलीं, जिससे घबराकर आरोपी मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि दीनबंधु पहले भी शराब तस्करी के एक मामले का आरोपी है।

बता दें कि 24 फरवरी की रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चौसा में एक विवाह समारोह में जयमाला कार्यक्रम के दौरान एक युवक द्वारा दुल्हन को गोली मारकर घायल कर दिया गया था। घटना के तुरंत बाद परिजनों एवं स्थानीय लोगों द्वारा घायल दुल्हन को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी सदर अस्पताल बक्सर ले जाया गया, चिकित्सकों के द्वारा बेहतर इलाज के लिए उसे वाराणसी रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

–आईएएनएस

एमएनपी/एएमटी


Related Articles

Latest News