मोतिहारी, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिल रही शिकायतों पर पुलिस ने विभिन्न आर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर छापेमारी कर 16 नाबालिग लड़कियों को इनके चंगुल से मुक्त कराया।
इस दौरान क्लासिक डांस के नाम पर अश्लील डांस और अनैतिक कार्य कराये जाने के आरोप में छह आर्केस्ट्रा संचालकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि लोगों की मिल रही शिकायतों के आधार पर विभिन्न थानाक्षेत्रों में समकालीन अभियान चलाकर अधिक से अधिक संख्या में मानव व्यापार, बाल श्रम, रेड लाइट एरिया एवं ऑर्केस्ट्रा ग्रुप से पीड़ित, पीड़िताओं की मुक्ति, पुनर्वास एवं मानव तस्करी के उन्मूलन के लिए छापेमारी की गई, जिसमें 16 नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया।
पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि ढाका थानाक्षेत्र से दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया, वहीं पचपकडी थानाक्षेत्र से दो नाबालिग लड़कियां एवं पताही थानाक्षेत्र से 12 नाबालिग लड़कियों यानी कुल 16 नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया। इस मामले में छह आर्केस्टा संचालकों को गिरफ्तार किया गया।
इस संदर्भ में संबंधित थाना क्षेत्र में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। बताया गया कि मुक्त अधिकांश लड़कियों का आरोप है कि उन्हें काम के नाम पर बुलाया गया था और उनसे क्लासिक डांस के नाम पर अश्लील डांस और अनैतिक कार्य कराया जाता है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मुक्त लड़कियां बिहार के अलावा अन्य राज्यों की भी बताई जा रही हैं। गिरफ्तार आर्केस्ट्रा संचालकों से पुलिस पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि अन्य आर्केस्ट्रा संचालकों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर अन्य क्षेत्रों से भी ऐसी शिकायतें मिलेंगी तो आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
–आईएएनएस
एमएनपी/डीएससी
