बिहार: सिवान में पुलिस मुठभेड़ में दो अपराधियों को लगी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार


सिवान, 25 मार्च (आईएएनएस)। बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति को दुरुस्त करने और अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत हैं। इस बीच, सिवान के बसंतपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को तड़के पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दो अपराधियों को गोली लग गई, जिससे वे घायल हो गए।

दोनों अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि लहजी बसंतपुर के समीप कुछ अपराधकर्मी अपराध की योजना बना रहे हैं तथा किसी बड़े आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बसंतपुर थाना पुलिस टीम द्वारा संबंधित स्थल पर पहुंचकर छापेमारी की गई।

छापेमारी के क्रम में उक्त स्थल की पुलिस घेराबंदी कर रही थी, तभी पुलिस टीम को देखकर अपराधियों द्वारा पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी गई। पुलिस टीम ने भी तत्काल मोर्चा संभाल लिया और आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें दो अपराधकर्मी घायल हो गए। घायल अपराधियों को इलाज के लिए तत्काल सदर अस्पताल, सिवान भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, घायल अपराधियों में एक की पहचान रोहित शर्मा के रूप में की गई है, जो बसंतपुर ज्वेलरी शॉप लूट, खोरीपाकर लूट, बगौरा लूट एवं हैदराबाद खजाना ज्वेलर्स लूटकांड सहित कई आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहा है, जबकि दूसरे की पहचान रोहित कुमार उर्फ रिशु के रूप में हुई है, जो बसंतपुर लूटकांड में संलिप्त रहा है।

चिकित्सकों ने बताया है कि दोनों घायलों की स्थिति सामान्य है। घटना की सूचना प्राप्त होते ही सिवान के पुलिस अधीक्षक एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महाराजगंज भी घटनास्थल पहुंचे और स्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि इनलोगों के साथ और कितने लोग यहां मौजूद थे।

–आईएएनएस

एमएनपी/एएस


Related Articles

Latest News