बिहार में पुलिसतंत्र पूरी तरह फेल, सरकार का इकबाल खत्म : तेजस्वी यादव


मुजफ्फरपुर, 25 मार्च (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव बुधवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में पुलिस पूरी तरह फेल हो चुकी है और सरकार का इकबाल खत्म हो गया है।

तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बिहार में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। पुलिस का काम अपराधियों पर कार्रवाई करना है, लेकिन पिछले दिनों यहां गायघाट के चोरनिया गांव में हुई एक निर्दोष व्यक्ति की हत्या की घटना में आरोप वहां के थानाध्यक्ष पर ही लगा है।

उन्होंने कहा कि सुना तो यहां तक जा रहा है कि थानाध्यक्ष ने शराब के नशे में निर्दोष को गोली मार दी। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस पर अब सरकार का कोई कंट्रोल नहीं है। अराजकता के दौर से बिहार गुजर रहा है। हर दिन गोलियां चल रही हैं। अपराधी जहां चाह रहे हैं, घटना को अंजाम दे रहे हैं।

राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि गायघाट में हुई हत्या के मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। हम लोग पीड़ित परिवार से मिलेंगे। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि प्रशासन दोषी दारोगा के खिलाफ एक्शन ले और उसे सजा दिलाने का काम करे। देश में रसोई गैस की किल्लत को लेकर उन्होंने कहा कि आगे अभी परेशानियां और बढ़ने वाली हैं। आगे रसोई गैस की किल्लत होगी और पेट्रोल, डीजल के दाम भी बढ़ेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार की विदेश नीति पूरी तरह फ्लॉप रही है। सरकार को जनता से कोई मतलब नहीं है।

उन्होंने कहा कि जब से एनडीए की सरकार बनी है, तब से विदेश नीति चौपट हो चुकी है। आज यहां विदेश नीति के नाम पर निजी पॉलिसी पर सरकार काम कर रही है। इससे जनता को कोई लाभ नहीं होगा।

–आईएएनएस

एमएनपी/डीसीएच


Related Articles

Latest News