यूपी के कुशीनगर और गोरखपुर को बड़ी सौगात, 278 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास


लखनऊ, 2 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को कुशीनगर और गोरखपुर जनपदों में करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस अवसर पर वह विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र और सहायता राशि भी वितरित करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए इस संबंध में जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर और महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन तपोस्थली गोरखपुर की पुण्य धरा पर विकास, विरासत और जनकल्याण के संकल्प को नई गति देने का अवसर प्राप्त होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि कुशीनगर में 424 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।

कुशीनगर के बाद मुख्यमंत्री गोरखपुर पहुंचेंगे, जहां वह 20.35 करोड़ रुपए की लागत से विकसित चिलुआताल पर्यटन परियोजना से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

एक्स पोस्ट में सीएम योगी ने लिखा, “भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर एवं महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन तपोस्थली गोरखपुर की पुण्य धरा पर आज विकास, विरासत और जनकल्याण के संकल्प को नई गति देने का अवसर प्राप्त होगा। जनपद कुशीनगर में 424 करोड़ रुपए से अधिक लागत की 278 परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास के साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं सहायता राशि वितरित की जाएगी।”

सीएम योगी ने पोस्ट में आगे कहा, “इसके उपरांत जनपद गोरखपुर में 20.35 करोड़ रुपए की लागत से चिलुआताल के पर्यटन विकास से संबंधित विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी करूंगा। विरासत का सम्मान और विकास का विस्तार, यही डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता है।”

–आईएएनएस

पीएसके


Related Articles

Latest News