ईरान-अमेरिका के बीच युद्धविराम और हॉर्मुज़ के खुलने की खबरों से तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट, 100 डॉलर से नीचे पहुंचीं

मध्य-पूर्व में तनाव के बीच बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है।अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा ईरान के साथ दो सप्ताह के सशर्त युद्धविराम की घोषणा के बाद बुधवार को एशियाई कारोबार में तेल की कीमतें 100 डॉलर से नीचे आ गईं।


यह गिरावट उस समय आई जब ट्रंप ने कहा कि यदि ईरान तुरंत स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज़ के जरिए सुरक्षित आवाजाही बहाल करता है, तो अमेरिका दो हफ्तों तक सैन्य कार्रवाई रोक देगा।


ट्रंप ने इसे “दोनों पक्षों का युद्धविराम” बताते हुए अपने पहले के कड़े रुख से यू-टर्न लिया, जहां उन्होंने चेतावनी दी थी कि समझौता न होने पर गंभीर परिणाम हो सकते हैं।


ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अर्वाची ने भी पुष्टि की कि यदि ईरान पर हमले बंद होते हैं, तो तेहरान भी अपनी सैन्य कार्रवाई रोक देगा और जलमार्ग से आवागमन को अपनी निगरानी में सुनिश्चित करेगा।


हालांकि इस समझौते के बावजूद क्षेत्र में तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। खाड़ी देशों में अब भी मिसाइल हमलों, ड्रोन गतिविधियों और सुरक्षा अलर्ट की खबरें सामने आ रही हैं।


मार्च महीने में रिकॉर्ड तेजी के बाद अब कीमतों में गिरावट जरूर आई है, लेकिन वे अभी भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। खासकर स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज़ से जुड़े भू-राजनीतिक जोखिम आगे भी बाजार को प्रभावित कर सकते हैं।


इस बीच, ट्रंप ने संकेत दिया कि ईरान के 10 सूत्रीय प्रस्ताव के आधार पर दीर्घकालिक शांति समझौते की दिशा में बातचीत आगे बढ़ सकती है।


फिलहाल तेल बाजार को थोड़ी राहत मिली है, लेकिन अस्थिरता बनी रहेगी, और निवेशकों की नजर खास तौर पर इस बात पर होगी कि नए समझौते के बाद स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज़ से कितने तेल टैंकर सुरक्षित गुजरते हैं।

Related Articles

Latest News