'गुजरातियों का अपमान, गांधी-पटेल की धरती की गरिमा को ठेस', खड़गे के बयान पर भूपेंद्र पटेल का पलटवार


नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केरल में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए गुजरात के लोगों को लेकर एक विवादित बयान दिया। खड़गे ने गुजरात के लोगों को ‘अशिक्षित’ बताते हुए कहा कि वहां के लोगों को पीएम मोदी आसानी से गुमराह कर सकते हैं, लेकिन केरल के लोग ज्यादा समझदार और शिक्षित हैं, इसलिए उन्हें कोई भ्रमित नहीं कर सकता। खड़गे के इसी बयान पर अब गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पलटवार किया है।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के इस बयान को आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि उनका यह बयान गुजरातवासियों का अपमान है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि खड़गे के इस बयान से महात्मा गांधी और सरदार पटेल की धरती की गरिमा को भी ठेस पहुंचती है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में भूपेंद्र पटेल ने लिखा, “कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी द्वारा गुजरात के लोगों के संदर्भ में दिए गए बयान अत्यंत आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण हैं। इस प्रकार की टिप्पणी न केवल 6 करोड़ गुजरातवासियों का अपमान है, बल्कि महात्मा गांधी और सरदार पटेल की पावन धरती की गरिमा को भी ठेस पहुंचाती है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात ने हमेशा राष्ट्र निर्माण, विकास और एकता में अग्रणी भूमिका निभाई है और आगे भी करता रहेगा। ऐसे बयान कांग्रेस की संकीर्ण सोच को दर्शाते हैं। यह टिप्पणी स्पष्ट करती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की विकास की राजनीति और उसे मिल रहे व्यापक जनसमर्थन से कांग्रेस कितना असहज और असुरक्षित महसूस कर रही है।

उन्होंने आगे कहा कि गुजरात की जागरूक जनता ऐसे बयानों का जवाब देना जानती है, और आने वाले समय में केरल की जनता भी कांग्रेस को नकारकर भाजपा की विकास की राजनीति का समर्थन करेगी, यह निश्चित है।

–आईएएनएस

पीएसके/एबीएम


Related Articles

Latest News