Tuesday, February 24, 2026

भारत महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला: टी20 के बाद वनडे सीरीज का आगाज, भारत ने जीता टॉस


नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 सीरीज के बाद मंगलवार से भारतीय महिला टीम और ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का आगाज हो गया है। वनडे सीरीज का पहला मुकाबला ब्रिस्बेन में खेला जा रहा है।

भारतीय टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि हम पहले बल्लेबाजी करेंगे। आज हमारे लिए पहले बल्लेबाजी करना बेहतर विकल्प होगा। इसीलिए हमने टीम के तौर पर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। टी20 सीरीज में जीत के बाद अब हरमनप्रीत कौर के पास वनडे सीरीज जीतकर इतिहास रचने का मौका है।

बता दें कि इस मैदान पर अब तक कुल 22 वनडे अंतरराष्ट्रीय मुकाबले गए हैं, जिसमें से 10 बार डिफेंड करने वाली टीम जीती है और 12 बार रन चेज करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है। ब्रिस्बेन के गाबा में एकदिवसीय मुकाबलों में पहली पारी का औसत स्कोर 212 रन रहा है। भारतीय महिला और ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम के हेड टू हेड की बात करें तो दोनों टीमें अब तक 61 बार आमने सामने आ चुकी हैं। जिसमें 12 मुकाबलों में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है, तो वहीं 49 मुकाबलों में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने बाजी मारी है।

बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर गई भारतीय महिला टीम ने टी20 सीरीज पर कब्जा किया है। भारतीय टीम ने टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर ऑस्ट्रेलिया को 21 रनों से हराया था। दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पलटवार करते हुए भारतीय टीम को 19 रन से हरा दिया था। सीरीज के तीसरे और निर्णायक मैच में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 17 रन से हराकर टी20 सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लिया था।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

भारतीय महिला टीम : स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, शेफाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, काशवी गौतम, श्री चरणी, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर।

ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम : एलिसा हीली (कप्तान), फोएबे लिट्चफील्ड, जॉर्जिया वोल, बेथ मूनी (विकेटकीपर), एनाबेल सदरलैंड, एशले गार्डनर, ताहलिया मैकग्रा, सोफी मोलिनक्स, अलाना किंग, मेगन शट, डार्सी ब्राउन।

–आईएएनएस

सत्यम/एएस


Related Articles

Latest News