भारत की जीत के जश्न में डूबा नोएडा और ग्रेटर नोएडा, कई सोसायटी में प्रोजेक्टर लगाकर देखा गया फाइनल मैच


ग्रेटर नोएडा, 9 मार्च (आईएएनएस)। टी-20 विश्व कप के फाइनल में भारत की जीत के बाद पूरे देश की तरह नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी जश्न का माहौल देखने को मिला। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए लोगों ने पहले से ही खास तैयारियां कर रखी थीं।

कई सोसायटियों में बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन और प्रोजेक्टर लगाकर सामूहिक रूप से मैच का आयोजन किया गया, जहां सैकड़ों लोग एक साथ बैठकर मैच का आनंद लेते नजर आए। उत्तर प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले नोएडा में कई रिहायशी सोसायटियों में शाम से ही लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।

परिवारों के साथ बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी भारत के इस अहम मुकाबले को देखने के लिए एकत्रित हुए। जैसे-जैसे मैच रोमांचक होता गया, वैसे-वैसे लोगों का उत्साह भी बढ़ता गया। भारत की जीत के साथ ही सोसायटियों में खुशी का माहौल बन गया और लोगों ने जमकर जश्न मनाया। ग्रेटर नोएडा की पैरामाउंट गोल्ड फॉरेस्ट सोसायटी में भी निवासियों ने भारत की जीत का जोरदार उत्सव मनाया। यहां सोसाइटी परिसर में बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच का लाइव प्रसारण किया गया था।

मैच देखने के लिए पूरी सोसाइटी के लोग एक जगह इकट्ठा हुए थे। भारत की जीत के बाद वहां मौजूद लोगों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। सोसायटी के निवासी भगवंत सिंह और अमित बंसल ने बताया कि भारत के फाइनल मुकाबले को लेकर लोगों में काफी उत्साह था। इसी वजह से सभी ने मिलकर सामूहिक रूप से मैच देखने का फैसला किया। मैच के दौरान हर चौके-छक्के और विकेट पर लोग जोरदार तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते रहे।

भारत की जीत की घोषणा होते ही पूरे परिसर में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से माहौल गूंज उठा। कई स्थानों पर लोगों ने आतिशबाजी भी की। ढोल-नगाड़ों की थाप पर युवाओं ने जमकर डांस किया और तिरंगा हाथ में लेकर सड़कों पर निकल आए। इसके साथ ही कई जगहों पर लोगों ने मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर जीत की खुशी साझा की। नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सोसायटियों में देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा और लोग भारत की इस ऐतिहासिक जीत का आनंद लेते दिखाई दिए।

–आईएएनएस

पीकेटी/एएस


Related Articles

Latest News