कोलकाता, 7 अगस्त (आईएएनएस)। स्वतंत्रता दिवस से पहले पश्चिम बंगाल सरकार लोक भवन में ‘सेलिब्रेटिंग फ्रीडम थ्रू बंगाल’ नामक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन करने जा रही है। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन शनिवार, 8 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे राज्यपाल आर. एन. रवि करेंगे।
पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह प्रदर्शनी बंगाल के उन स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और देशभक्तों को समर्पित है जिनके साहस और बलिदान ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रदर्शनी का उद्देश्य युवा पीढ़ी को देशभक्ति, बलिदान और सेवा के मूल्यों से जोड़ना है।
यह प्रदर्शनी 9 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक लोक भवन में आम जनता और छात्रों के लिए खुली रहेगी। राज्य सरकार ने राज्य भर के शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे इस दौरान छात्रों के लिए विशेष दौरे आयोजित करें, ताकि विद्यार्थी भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास और विरासत से सीधे जुड़ सकें।
प्रदर्शनी में दुर्लभ ऐतिहासिक सामग्री को दर्शकों के सामने रखा जाएगा। इसमें पुराने पत्र, तस्वीरें, ऑटोग्राफ, डाक टिकट, सिक्के, पदक, पोस्टकार्ड और अन्य यादगार वस्तुएं शामिल हैं। इन वस्तुओं के माध्यम से राष्ट्रीय आंदोलन में बंगाल के योगदान को बारीकी से समझा जा सकेगा।
प्रदर्शनी की सबसे खास झलकियों में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की तस्वीर पर उनके ऑटोग्राफ, नेताजी द्वारा अपने मामा को लिखा गया पत्र और डॉ. बिधान चंद्र रॉय का एक टेलीग्राम शामिल है। इसके अलावा आजाद हिंद सरकार द्वारा दिए गए तेरह सम्मानों का पूरा सेट भी यहां देखा जा सकेगा। प्रदर्शनी में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की ऑटोग्राफ वाली तस्वीर, प्रसिद्ध चित्रकार नंदलाल बोस और उनके समकालीन कलाकारों की मूल हस्ताक्षरित कलाकृतियां भी प्रदर्शित की जाएंगी।
स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी प्रमुख हस्तियों के ऑटोग्राफ के साथ-साथ सौ साल पुराने दुर्लभ पोस्टकार्ड भी रखे गए हैं, जो उस समय के ऐतिहासिक कलकत्ता की झलक देते हैं।
इस प्रदर्शनी को कलकत्ता कलेक्टर्स क्लब के सहयोग से तैयार किया गया है। क्लब लंबे समय से ऐतिहासिक संग्रहों के संरक्षण और उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम कर रहा है।
सरकार ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों को 8 अगस्त को होने वाले उद्घाटन समारोह और उसके बाद प्रदर्शनी की कवरेज के लिए आमंत्रित किया है।
–आईएएनएस
एससीएच/पीएम
