नई दिल्ली, 18 मार्च (आईएएनएस)। देश के प्रतिष्ठित संस्थान में नौकरी करने की ख्वाहिश रखने वाले युवाओं के लिए एक अच्छा मौका सामने आया है। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) ने सीनियर सेफ्टी ऑफिसर के एक पद पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
बीईएल की ओर से जारी पदों के लिए ऑफलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया 17 मार्च से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 6 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद के अनुसार इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक के साथ ही सुरक्षा में डिग्री/डिप्लोमा या औद्योगिक सुरक्षा में दो वर्षीय एमई/एमटेक या अग्नि एवं सुरक्षा इंजीनियरिंग में बीई की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स की अन्य निर्धारित पात्रता होनी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 35 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 मार्च के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित वर्ग से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 50,000 से 1,60,000 रुपए प्रति महीने होगी।
आवेदन करते समय कैंडिडेट्स को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्लूएस के लिए 472 रुपए है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति, पूर्व सैनिक और विकलांग व्यक्ति को एप्लीकेशन फीस में छूट दी गई है।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले बीईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद जारी पद से संबंधित अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को फॉर्म के साथ अटैच कर उसे एक लिफाफा में डालकर ‘असिस्टेंट मैनेजर (एचआर एंड ए), भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, बलभद्रपुर, कोटद्वार-246149, उत्तराखंड’ पते पर पोस्ट कर दें।
–आईएएनएस
डीके/डीकेपी
