बीईएल ने 569 करोड़ रुपए के नए ऑर्डर के साथ की वित्त वर्ष 2027 शानदार शुरुआत की,डिफेंस और टेक्नोलॉजी से जुड़े कई अहम प्रोजेक्ट्स मिले

नई दिल्ली, (केसरिया न्यूज़)। सरकारी रक्षा कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) ने वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत शानदार तरीके से करते हुए 569 करोड़ रुपए के नए ऑर्डर हासिल किए हैं। कंपनी को मिले ये ऑर्डर डिफेंस और एडवांस टेक्नोलॉजी से जुड़े कई महत्वपूर्ण सिस्टम्स से संबंधित हैं।

बीईएल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “बीईएल ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 569 करोड़ रुपS के ऑर्डर हासिल किए हैं और ऑर्डर अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्राप्त प्रमुख ऑर्डरों में एवियोनिक्स, ईडब्ल्यू सिस्टम, उच्च ऊर्जा लेजर, संचार उपकरण, टैंक सबसिस्टम, लेजर आधारित फ्यूज, परीक्षण उपकरण, अपग्रेड, स्पेयर पार्ट्स, सेवाएं आदि शामिल हैं।”

बीईएल ने रक्षा क्षेत्र में एक मजबूत स्थिति स्थापित कर ली है, जिसके पास 1 अप्रैल, 2026 तक लगभग 74,000 करोड़ रुपए का कुल ऑर्डर बुक है।

वित्त वर्ष 2026 के दौरान, बीईएल को लगभग 30,000 करोड़ रुपए के ऑर्डर मिले, जिससे राजस्व में मजबूत वृद्धि हुई और 26,750 करोड़ रुपए का रिकॉर्ड कारोबार हुआ। कंपनी ने वैश्विक स्तर पर भी अपनी उपस्थिति का विस्तार किया है, जिसके पास 495 मिलियन डॉलर का निर्यात ऑर्डर बुक है और वित्त वर्ष 2026 में निर्यात बिक्री में 33.65 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

बता दें कि भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के तहत एक नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम (पीएसयू) है, जो थल सेना, नौसेना और वायु सेना के लिए उन्नत इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम और उपकरण बनाती है। कंपनी देश की रक्षा उत्पादन क्षमता और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही है।

कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में बीईएल का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट 20.81 प्रतिशत बढ़कर 1,590.06 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में कम था। वहीं, ऑपरेशंस से होने वाली आय 23.72 प्रतिशत बढ़कर 7,121.98 करोड़ रुपए पहुंच गई।

मार्च 2026 तक कंपनी में प्रमोटर होल्डिंग 51.14 प्रतिशत रही। इस दौरान विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की हिस्सेदारी बढ़कर 19.51 प्रतिशत हो गई, जो दिसंबर 2025 में 18.51 प्रतिशत थी। यह कंपनी में विदेशी निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।

वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) की हिस्सेदारी 20 प्रतिशत रही और पब्लिक शेयरहोल्डिंग 9.37 प्रतिशत दर्ज की गई।

इस सरकारी कंपनी का प्रोडक्ट पोर्टफोलियो काफी व्यापक है, जिसमें रडार, कम्युनिकेशन सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सिस्टम, एवियोनिक्स और मिसाइल सिस्टम शामिल हैं। मजबूत रिसर्च एंड डेवलपमेंट (आर एंड डी) और स्वदेशी तकनीक पर फोकस के चलते कंपनी भारत के रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

इन नए ऑर्डर्स के साथ बीईएल ने वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत सकारात्मक संकेतों के साथ की है, जिससे आने वाले समय में कंपनी की ग्रोथ और ऑर्डर बुक और मजबूत होने की उम्मीद है।

–केसरिया न्यूज़

Related Articles

Latest News