ला लीगा: घरेलू मैदान पर बार्सिलोना ने बनाया 'ऐतिहासिक' रिकॉर्ड, रियल बेटिस को 3-1 से हराया


बार्सिलोना, 18 मई (आईएएनएस)। एफसी बार्सिलोना ने अपने टाइटल जीतने वाले ला लीगा सीजन का अंत यादगार अंदाज में किया। राफिन्हा के दो गोल की मदद से टीम ने रियल बेटिस को 3-1 से हराया। इस जीत से बार्सिलोना 38 मुकाबलों वाले ला लीगा सीजन में अपने घर में सभी 19 मैच जीतने वाली पहली टीम बन गई।

पिछले सप्ताहांत रियल मैड्रिड को हराकर चैंपियनशिप पक्की करने के बाद, बार्सिलोना ने हैंसी फ्लिक के नेतृत्व में अपने घरेलू फैंस के सामने एक और जबरदस्त प्रदर्शन के साथ अपनी शानदार फॉर्म बनाए रखी। राफिन्हा ने 28वें मिनट में एक स्मार्ट फ्री-किक लेकर बढ़त बनाई, जिससे बेटिस के गोलकीपर अल्वारो वैलेस अपने नजदीकी पोस्ट पर हैरान रह गए। ब्राजील के इस खिलाड़ी ने घंटे भर बाद बार्सिलोना की बढ़त दोगुनी कर दी। उन्होंने बेटिस के कप्तान हेक्टर बेलेरिन के एक ढीले पास का फायदा उठाया और आसानी से गोल कर दिया।

बेटिस ने थोड़ी देर के लिए वापसी की उम्मीद जगाई, जब बार्सिलोना के मिडफील्डर गैवी ने बॉक्स में इस्को पर फाउल किया। मैड्रिड के पूर्व खिलाड़ी ने मिली पेनल्टी को गोल में तब्दील कर दिया। हालांकि, बार्सिलोना ने जल्दी ही अपने दो गोल की बढ़त वापस पा ली, जब डिफेंडर जोआओ कैंसेलो ने दूर से एक शानदार शॉट मारकर गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया।

इस जीत ने बार्सिलोना की 2025-26 टीम के लिए एक शानदार घरेलू रिकॉर्ड पक्का कर दिया। वे ला लीगा के इतिहास में एक सीजन में हर घरेलू लीग मैच जीतने वाली सिर्फ 11वीं टीम बनी है। रियल मैड्रिड के 1985-86 में ऐसा करने के बाद यह पहली टीम थी। बार्सिलोना ने आखिरी बार 1959-60 में अपने घरेलू अभियान में शानदार प्रदर्शन किया था। टीम की सफलता और भी खास है क्योंकि क्लब ने इस सीजन में तीन अलग-अलग जगहों पर अपने मैच खेले।

मैच के बाद का माहौल थोड़ा भावुक रहा। मुकाबले के आखिर में सब्स्टीट्यूट किए जाने के बाद अनुभवी स्ट्राइकर रॉबर्ट लेवांडोव्स्की को ‘स्टैंडिंग ओवेशन’ दिया गया। 37 साल के फॉरवर्ड खिलाड़ी इस गर्मी में अपना कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने पर बार्सिलोना छोड़ देंगे; 2022 में क्लब में शामिल होने के बाद से उन्होंने 191 मैचों में 119 गोल किए हैं।

–आईएएनएस

एसएम/पीएम


Related Articles

Latest News