बांकीपुर, 12 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के बांकीपुर से भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने उपचुनाव को लेकर अपना प्रचार तेज कर दिया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता को वोट दें और उन्हें अपनी सेवा करने का मौका दें।
बांकीपुर से बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “मैं सभी माताओं और बहनों से अपील करता हूं कि वे जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता को वोट दें और मुझे सेवा करने का मौका दें। अब तक हुए विकास को ध्यान में रखते हुए मैं आपसे आग्रह करता हूं कि वोट देकर हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के विजन और प्रगति को अपना आशीर्वाद दें। कृपया किसी के बहकावे में न आएं।”
उन्होंने कहा कि एक बूथ-स्तर का कार्यकर्ता होने के नाते मैं जनता के साथ जुड़ा रहा हूं। मैंने संगठन के लिए काम किया और आने वाले समय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जो काम दिया है, उसे आगे बढ़ाऊंगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पिछले साल बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में रिकॉर्ड मतों से जीते थे। राज्यसभा सदस्य के तौर पर जीत हासिल करने के बाद उन्होंने बांकीपुर विधानसभा सीट छोड़ दी थी। इस्तीफा देने के बाद खाली हुई सीट पर हाल ही में भारतीय चुनाव आयोग ने उपचुनाव कराने के लिए घोषणा की। 30 जुलाई को बांकीपुर में उपचुनाव के लिए मतदान होगा।
भाजपा ने अभिषेक कुमार सिन्हा के पारिवारिक कारणों के चलते नामांकन वापस लेने के बाद नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर से प्रत्याशी बनाया है।
उन्होंने शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। नितिन नवीन ने कहा कि मुझे बांकीपुर की जनता पर भरोसा है कि वे भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जिताएगी।
इसके अलावा, नीरज कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी से भी मुलाकात की। इस दौरान, उनके साथ बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी रहे।
–आईएएनएस
डीसीएच/
