बांग्लादेशी विदेश मंत्री खलीलुर रहमान का चीन दौरा, बीजिंग को उम्मीद 'द्विपक्षीय संबंध होंगे मजबूत'


नई दिल्ली/बीजिंग, 5 मई (आईएएनएस)। बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान तीन दिवसीय यात्रा पर चीन जाएंगे। बीजिंग को उम्मीद है कि ये दौरा द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूती देगा।

भारत में चीन के राजदूत शू-फी-होंग ने एक्स पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। रहमान चीन के न्योते पर जा रहे हैं, और यहां उनकी गणमान्य जनों से मुलाकात प्रस्तावित है।

होंग ने एक्स पर लिखा, “सीपीसी सेंट्रल कमिटी के पॉलिटिकल ब्यूरो सदस्य और विदेश मंत्री वांग यी के बुलावे पर, बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान 5 से 7 मई तक चीन का दौरा करेंगे।”

होंग को विश्वास है कि चीन बांग्लादेश के साथ अपने रिश्तों को बहुत अहमियत देता है और वो दौरे को लेकर उत्सुक है। बीजिंग को उम्मीद है कि बांग्लादेश की नई सरकार के साथ मिलकर द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत किया जाएगा और चीन-बांग्लादेश की ‘कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रेटेजिक कोऑपरेटिव पार्टनरशिप’ को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

इससे पहले बीजिंग ने सोमवार को इस दौरे को लेकर बड़ा ऐलान किया। चीन के विदेश मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, विदेश मंत्री वांग यी के बुलावे पर रहमान मंगलवार से अपना दौरा शुरू करेंगे।

फरवरी में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की नई सरकार बनने के बाद से यह रहमान का तीसरा विदेश द्विपक्षीय दौरा होगा।

चीन और बांग्लादेश ने 2024 में संबंधों को “कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रेटेजिक कोऑपरेटिव पार्टनरशिप” में अपग्रेड किया। चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा, “चीन और बांग्लादेश लंबे समय से एक-दूसरे के दोस्त और करीबी पड़ोसी रहे हैं।”

द्विपक्षीय संबंधों में “लगातार और स्थिर प्रगति हुई है और दोनों लोगों के लिए ठोस नतीजे मिले हैं,” और ढाका के साथ संबंधों को बीजिंग “बहुत महत्व” देता है।

बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने भी एक बयान जारी कर दौरे के अहम पक्ष की जानकारी दी है। बताया कि विदेश मंत्री खलीलुर ‘चाइनीज पीपल्स पॉलिटिकल कंसल्टेटिव कॉन्फ्रेंस’ के चेयरमैन वांग हुनिंग से मिलेंगे।

वहीं, चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के अंतरराष्ट्रीय विभाग के मंत्री लियू हाइक्सिंग उनके सम्मान में दोपहर को भोज का आयोजन करेंगे। रहमान के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कोबीर, बांग्लादेश इन्वेस्टमेंट डेवलपमेंट अथॉरिटी के अध्यक्ष चौधरी आशिक महमूद बिन हारून भी होंगे।

चीन 15 सालों से बांग्लादेश का सबसे बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर बना हुआ है। पिछले साल राजनयिक संबंधों की 50वीं सालगिरह भी थी।

बीजिंग ने कहा है कि इस दौरे से उसे राजनीतिक भरोसा मजबूत करने, अलग-अलग सेक्टर में मिल कर काम करने, बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (बीआरआई) को बढ़ाने और कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को और बढ़ाने की उम्मीद है।

–आईएएनएस

केआर/


Related Articles

Latest News