नई दिल्ली, 25 फरवरी (आईएएनएस)। बांग्लादेश क्रिकेट टीम के लिए अगस्त 2026 बेहद अहम रहने वाला है। दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए बांग्लादेश अगस्त में ऑस्ट्रेलिया का दौरा करेगी। 2003 के बाद यह पहला मौका होगा जब बांग्लादेश ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज खेलेगी।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले दोनों टेस्ट मैचों के लिए वेन्यू की घोषणा कर दी है। दोनों टेस्ट नई जगहों पर खेले जाएंगे। मैच डार्विन के मारारा स्टेडियम और मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले जाएंगे।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा, “हम उत्तरी ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट क्रिकेट लाकर बहुत खुश हैं। बांग्लादेश के खिलाफ एक शानदार टेस्ट सीरीज का हम इंतजार कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “हम खुशकिस्मत हैं कि अगस्त में वर्ल्ड क्लास सुविधाएँ उपलब्ध हैं, जिससे यह पक्का होगा कि गर्मियों के अलावा हमारे पास टेस्ट क्रिकेट के लिए एक और मौका है।”
2004 के बाद डार्विन में पहला टेस्ट (13 से 17 अगस्त) खेला जाएगा। श्रीलंका ने वहां अपने दो टेस्ट मैचों में से पहला खेला था। बांग्लादेश भी डार्विन में 2003 में एक टेस्ट खेल चुकी है। ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में दूसरा टेस्ट (22 से 26 अगस्त) खेला जाएगा। इस वेन्यू का यह पहला टेस्ट करेगा। इस स्टेडियम में पुरुषों के सिर्फ वनडे मैच खेले गए हैं। वहीं महिला टीम के 3 वनडे और 2 टी20 आयोजित किए गए हैं।
ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच यह चौथी टेस्ट सीरीज होगी। दोनों देशों के बीच अब तक 6 टेस्ट खेले गए हैं। ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैच जीते हैं, जबकि बांग्लादेश को भी एक मैच जीतने में सफलता मिली है। बांग्लादेश ने मीरपुर में 2017 में खेले गए टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को हराया था।
ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज बांग्लादेश के क्रिकेटरों के लिए अपनी क्षमता को साबित करने का एक बड़ा अवसर है।
बांग्लादेश टी20 विश्व कप 2026 से बाहर रहने की वजह से पिछले दिनों काफी चर्चा में रही थी। कई रिपोर्टों के मुताबिक बांग्लादेशी क्रिकेटर विश्व कप का हिस्सा नहीं होने से निराश थे। ऐसे में उनके पास मौका होगा ऑस्ट्रेलिया में जाकर अपनी क्षमता दिखाने का और ऑस्ट्रेलियाई टीम को हैरान करने का।
–आईएएनएस
पीएके
