प्रधानमंत्री के खिलाफ गलत शब्द का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए: बाइचुंग भूटिया


नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान बाइचुंग भूटिया ने कहा है कि सभी को विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन इस दौरान गलत शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

भूटिया ने कहा, “सभी को किसी भी मुद्दे पर विरोध करने, अपनी बात रखने का अधिकार है। इस दौरान गलत शब्दों का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं होना चाहिए। खासकर, प्रधानमंत्री के लिए गलत शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। यह न सिर्फ अपने आपके लिए बल्कि देश और समाज के लिए अच्छा नहीं है।”

भूटिया ने कहा, “एक खिलाड़ी के तौर पर हम चाहते हैं कि प्रधानमंत्री और सरकार ज्यादा से ज्यादा युवाओं को खेल के क्षेत्र से जोड़ने का काम करे।”

हाल ही में दिल्ली में जंतर-मंतर पर युवाओं का प्रदर्शन हुआ था। प्रदर्शन में हिस्सा लेने आए कुछ युवाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियोज में युवा प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते दिख रहे हैं। समाज के हर वर्ग से जुड़ी नामचीन हस्तियों ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाष के इस्तेमाल को गलत माना है और युवाओं से ऐसा न करने की अपील है।

जंतर-मंतर पर हुआ प्रदर्शन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद समाप्त हो गया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने ऐसे युवाओं पर कार्रवाई की जिन्होंने पीएम मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। हालांकि, कई युवाओं को अपनी गलती का एहसास हो गया है और उन्होंने सार्वजनिक रूप से इसके लिए माफी मांगी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इंस्टाग्राम पर साझा एक वीडियो में उन युवाओं को क्षमा कर दिया है जिन्होंने उनके खिलाफ गलत भाषा का इस्तेमाल किया था। पीएम ने सभी बच्चों को अपना मानते हुए कहा था कि इन्हें सही रास्ते पर लाना हमारी जिम्मेदारी है।

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News