'बेबी डॉल' के निर्माता अमित खान ने बताई अपनी ख्वाहिश, बोले-अच्छी कहानियों की मांग बहुत ज्यादा


मुंबई, 4 जून (आईएएनएस)। लेखक-निर्माता अमित खान इन दिनों अपनी माइक्रो ड्रामा सीरीज ‘बेबी डॉल’ को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। निर्माता का मानना है कि फिल्म इंडस्ट्री में ‘स्टार वैल्यू’ का महत्व हमेशा रहेगा।

उन्होंने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया, “सिनेमा की दुनिया हमेशा से ही जाने-पहचाने चेहरों के ईर्द-गिर्द घूमती रही है। चाहे बीते जमाने के सुपरस्टार्स हों या आज के दौर के सितारे, फैंस के बीच उनका जादू कभी कम नहीं हो सकता है।”

अमित खान ने कहा कि अच्छा और बुरा कंटेंट हर दौर में रहा है, लेकिन आज के समय सबसे बड़ा बदलाव यह आया है कि अच्छी कहानियों की मांग बहुत ज्यादा बढ़ गई है। उन्होंने कहा, “ओटीटी और वेब सीरीज के आने से एक ऐसा माहौल बना है, जहां लेखन को सबसे ज्यादा अहमियत दी जा रही है। आज फिल्म इंडस्ट्री को पहले से भी ज्यादा लेखक की आवश्यकता है। लेखन अब एक फायदेमंद करियर है। फिल्मों और वेब सीरीज के अलावा ऑडियोबुक और डिजिटल पब्लिशिंग (जैसे ई-बुक्स) में कहानियों का एक बहुत बड़ा मार्केट तैयार हो गया है।”

उन्होंने आगे कहा, “लोग अक्सर कहते हैं कि किताबों को पढ़ने वालों की संख्या कम हो गई है, लेकिन मैं इससे पूरी तरह सहमत नहीं हूं। पढ़ने की पारंपरिक आदतें शायद बदल गई हों, लेकिन फिर भी पाठक ई-बुक्स और ऑडियोबुक्स के जरिए कहानियां पढ़ते रहते हैं। मेरी अपनी किताबें भी डिजिटल फॉर्मेट में बड़े पैमाने पर पढ़ी जाती हैं, और उनमें से कई को ऑडियो कंटेंट में भी अडैप्ट किया गया है।”

अमित खान ने आज के समय अगर किसी के द्वारा लिखी गई कहानी में है, तो उनके लिए मौकों की कमी नहीं है। उन्होंने कहा, “आज लेखकों के पास कई अवसर हैं। एक कहानी ई-बुक बन सकती है, अलग-अलग भाषाओं में अनुवादित हो सकती है, ऑडियोबुक में अडैप्ट हो सकती है, वेब सीरीज में बदल सकती है, या आखिरकार एक फिल्म के रूप में विकसित हो सकती है।”

आईएएनएस ने लेखक-निर्माता अमित खान से सवाल पूछते हुए कहा, “क्या कोई ऐसा एक्टर है जिसके साथ काम करने का आप सपना देखते हैं?” तो उन्होंने अपनी इच्छा जाहिर करते हुए बताया कि वे जीवन में एक बार शाहरुख खान के साथ काम करना चाहते हैं।

उन्होंने बताया, “शाहरुख खान हमेशा से मेरे पसंदीदा एक्टर रहे हैं। उनके साथ काम करना मेरे लिए एक सपना सच होने जैसा होगा। मेरे पास एक ऐसा सब्जेक्ट है जो मुझे लगता है कि उन पर बिल्कुल सही बैठेगा और मैं किसी दिन उन्हें वह सब्जेक्ट दिखाने का मौका पाना चाहूंगा। वह मौका मिलेगा या नहीं, यह तो सिर्फ वक्त ही बता सकता है, लेकिन हां शाहरुख खान के साथ मिलकर काम करना मेरी सबसे बड़ी ख्वाहिशों में से एक है।”

–आईएएनएस

एनएस/


Related Articles

Latest News