Sunday, February 22, 2026

वर्ल्ड कैंसर डे पर आयुष्मान खुराना ने पत्नी ताहिरा की ताकत की सराहना की


मुंबई, 4 फरवरी (आईएएनएस)। बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना, जिन्हें आखिरी बार थिएटर फिल्म ‘ड्रीम गर्ल 2’ में देखा गया था, ने रविवार को वर्ल्ड कैंसर डे के अवसर पर अपनी पत्नी ताहिरा कश्यप की सराहना की। ताहिरा ने ब्रेस्ट कैंसर से सफलतापूर्वक लड़ाई लड़ी है और वह इस बीमारी के बारे में खुलकर बात करती रही हैं।

2019 में, ताहिरा ने बहादुरी से “स्टेज 0” ब्रेस्ट कैंसर के निदान का सामना किया, मास्टेक्टॉमी प्रक्रिया से गुजरीं और बीमारी पर जीत हासिल की।

‘विक्की डोनर’ एक्टर ने रविवार को इंस्टाग्राम पर अपनी पत्नी की सराहना करते हुए कुछ तस्वीरें शेयर की और बताया कि कैसे दोनों एक-दूसरे के प्यार में पड़ गए। पहले में एक्टर और उनकी पत्नी को मिरर सेल्फी के लिए पोज देते हुए देखा जा सकता है। दूसरी तस्वीर में ताहिरा की पीठ कैमरे की ओर है। उनकी पीठ पर सर्जरी के निशान देखे जा सकते है।’

एक्टर ने कैप्शन में लिखा, ”वह लड़की जिसे मैंने पंजाब यूनिवर्सिटी में झोपड़ी नंबर 14 में समोसा और चाय पिलाकर अपना हमसफर बनाया था। आपको दिल से प्यार… हैशटैग वर्ल्ड कैंसर डे।”

आयुष्मान और ताहिरा ने कॉलेज के दौरान डेटिंग शुरू की थी। उनकी शादी 2008 में हुई और उनके दो बच्चे हैं: बेटा विराजवीर, 2012 में पैदा हुआ और बेटी वरुष्का, 2014 में पैदा हुई।

–आईएएनएस

पीके/एसकेपी


Related Articles

Latest News