मॉस्को पर हमला नाकाम, रूस ने 37 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराने का दावा क‍िया


मॉस्को, 8 मई (आईएएनएस)। रूस की एयर डिफेंस फोर्स ने शुक्रवार को मॉस्को की ओर आ रहे कम से कम 37 ड्रोन मार गिराए। यह जानकारी मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने दी।

सोबयानिन ने सोशल मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर बताया कि जिन जगहों पर ड्रोन के मलबे गिरे हैं। वहां इमरजेंसी सेवाएं काम कर रही हैं।

स‍िन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, इससे पहले दिन में रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा था कि सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच एयर डिफेंस सिस्टम ने कई क्षेत्रों में 145 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया।

गुरुवार को भी रूसी राजधानी पर इस साल के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक हुआ था। तास समाचार एजेंसी के मुताबिक, पूरे दिन में 61 ड्रोन गिराए गए थे।

उधर, रूस के परिवहन मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेन के एक ड्रोन हमले में दक्षिणी रूस एयर नेविगेशन शाखा की प्रशासनिक इमारत को निशाना बनाया गया, जिससे दक्षिणी रूस के 13 एयरपोर्ट्स का काम प्रभावित हुआ।

मंत्रालय के अनुसार, रोस्तोव-ऑन-डॉन स्थित क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर, जो दक्षिणी रूस के हवाई यातायात को संभालता है, वहां हमले के बाद कामकाज में अस्थायी बदलाव किए गए।

बयान में कहा गया कि वहां मौजूद सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और विशेषज्ञ उपकरणों की स्थिति की जांच कर रहे हैं।

परिवहन मंत्रालय और फेडरल एयर ट्रांसपोर्ट एजेंसी एयरलाइंस और एयरपोर्ट्स के साथ मिलकर उड़ानों के शेड्यूल और एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट में बदलाव कर रहे हैं।

इस बीच, रूस और यूक्रेन ने शुक्रवार को एक-दूसरे पर युद्धविराम के बावजूद हमले जारी रखने का आरोप लगाया।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने टेलीग्राम पर जारी बयान में कहा कि यूक्रेनी सेना ने ड्रोन और सीमा क्षेत्रों में तोपखाने से हमले सहित 1,300 से ज्यादा बार युद्धविराम का उल्लंघन किया। मंत्रालय ने कहा कि रूस ने भी जवाबी कार्रवाई की।

वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूसी सेना ने रातभर फ्रंटलाइन पर हमले जारी रखे और सैकड़ों ड्रोन हमले किए। उन्होंने कहा कि यूक्रेन भी उसी तरह जवाब देगा।

जेलेंस्की ने एक्‍स पर पोस्ट करते हुए कहा कि स्थानीय समयानुसार सुबह 7 बजे तक रूस ने यूक्रेन की पोजिशन पर 140 से ज्यादा हमले और दस बड़े हमले किए।

सोमवार को रूस के रक्षा मंत्रालय ने द्वितीय विश्व युद्ध विजय दिवस के मौके पर शुक्रवार और शनिवार के लिए युद्धविराम का ऐलान किया था। जेलेंस्की ने कहा था कि यूक्रेन बुधवार से रूस के साथ युद्धविराम लागू करेगा।

–आईएएनएस

एवाई/एबीएम


Related Articles

Latest News