असम के मंत्री का पवन खेड़ा पर बड़ा आरोप, सोशल मीडिया से ‘गोल्डन कार्ड’ की जानकारी का किया गलत इस्तेमाल


गुवाहाटी, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। असम सरकार में मंत्री पीजूष हजारिका ने रविवार को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा पर आरोप लगाया कि उन्होंने सोशल मीडिया से मिली निजी जानकारी का गलत इस्तेमाल किया है। उन्होंने इसे फर्जी एआई अभियान का हिस्सा बताया।

पीजूष हजारिका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘गोल्डन कार्ड’ से जुड़ी जानकारी एक फेसबुक पोस्ट से ली गई थी। इस पोस्ट में अजमान (यूएई) में एक व्यक्ति ने अपना खोया हुआ बटुआ ढूंढने के लिए लोगों से मदद मांगी थी। इसी दौरान उसने अपने गोल्डन कार्ड की फोटो भी शेयर की हुई थी। पोस्ट में एमिरेट्स आईडी, गाड़ी के कागज और एटीएम कार्ड जैसे जरूरी दस्तावेजों का जिक्र था।

मंत्री के अनुसार, पवन खेड़ा ने इसी पोस्ट की जानकारी का इस्तेमाल करके सोशल मीडिया पर भ्रामक कहानी बनाने की कोशिश की। उन्होंने इसे एक सोची-समझी गलत सूचना फैलाने की मुहिम बताया।

इससे पहले, दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुयान सरमा पर आरोप लगाया था कि उनके पास यूएई, एंटीगुआ और मिस्र के पासपोर्ट हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि दुबई में संपत्तियों सहित कुछ विदेशी संपत्तियों की जानकारी आधिकारिक दस्तावेजों में नहीं दी गई।

खेड़ा ने यह भी आरोप लगाया कि अमेरिका के वायोमिंग में रजिस्टर एक कंपनी सरमा से जुड़ी है, जिसमें हजारों करोड़ रुपए के लेन-देन शामिल हैं। उन्होंने इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय से एसआईटी जांच की मांग की।

वहीं, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के खिलाफ जो दस्तावेज फैलाए जा रहे हैं, वे जाली हैं और दुर्भावनापूर्ण प्रचार अभियान का हिस्सा हैं।

सरमा ने कहा कि इन दस्तावेजों में कई स्पष्ट गलतियां हैं, जो यह दिखाती हैं कि यह खराब तरीके से की गई डिजिटल हेरफेर का मामला है।

इतना ही नहीं, हिमंता बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी ने इस मामले को लेकर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए खेड़ा के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।

–आईएएनएस

एएमटी/एमएस


Related Articles

Latest News