बिहार: समस्तीपुर में एएसआई ने की आत्महत्या, हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

[ad_1]

2d4638b6116433d3c537d0c637380c3b

समस्तीपुर, 18 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना परिसर में डायल-112 में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) बबलू प्रसाद का शव शनिवार को फंदे से लटका मिला। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया है और हर पहलू से मामले की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एएसआई बबलू प्रसाद पिछले करीब ढाई वर्षों से मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र में डायल-112 में तैनात थे। हाल ही में उनका तबादला कल्याणपुर थाना किया गया था और उन्हें शनिवार को वहां योगदान देना था, लेकिन वे ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। इसके बाद सहकर्मियों ने उनकी तलाश शुरू की।

थाना परिसर स्थित उनके आवास पर पहुंचने पर उनका शव बरामद हुआ, जिसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बबलू प्रसाद मूल रूप से पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल के नौरंगिया थाना क्षेत्र के कटैया गांव के निवासी थे। उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके समस्तीपुर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। विभागीय प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक पूछताछ में उनके साथ रहने और ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों ने बताया कि बबलू प्रसाद कम बोलने वाले व्यक्ति थे और ड्यूटी के बाद सीधे अपने कमरे में चले जाते थे। पुलिस का मानना है कि यदि उनके जीवन में किसी प्रकार का निजी तनाव था तो उसकी जानकारी फिलहाल किसी सहकर्मी को नहीं है।

अधिकारियों ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस विभाग ने मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

–आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

[ad_2]

Related Articles

Latest News