अशोक पंडित को भा गई 'तन्वी द ग्रेट', बोले- ऑटिज्म को दया नहीं, सम्मान और समझ से देखती है यह फिल्म


मुंबई, 9 मार्च (आईएएनएस)। फिल्ममेकर और सोशल एक्टिविस्ट अशोक पंडित ने अमेजन प्राइम पर स्ट्रीमिंग हो रही अनुपम खेर की फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ की तारीफ की। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए वीडियो में कहा गया है कि कुछ कहानियां सिर्फ मनोरंजन नहीं करतीं, बल्कि स्क्रीन बंद होने के बाद भी लंबे समय तक दिलों में रहती हैं। ‘तन्वी द ग्रेट’ उन्हीं खास कहानियों में से एक है।

अशोक पंडित ने कहा कि यह फिल्म ऑटिज्म को दया या सहानुभूति की नजर से नहीं, बल्कि हमदर्दी, सम्मान और गहरी समझ के साथ पेश करती है। फिल्म हमें याद दिलाती है कि महानता हमेशा जोर-शोर से नहीं आती। कभी-कभी वह एक ऐसे दिमाग में छिपी होती है, जो दुनिया को अलग, खूबसूरत और पूरी ईमानदारी से देखता है।

उन्होंने फिल्म की सबसे बड़ी खासियत बताई कि यह ऑटिज्म को ड्रामा बनाने की कोशिश नहीं करती। यह बस हमें उस फर्क को देखने का मौका देती है और प्यार से कहती है कि हम रुकें, सोचें, और ‘नॉर्मल’ की अपनी सोच को बदलें। सिनेमा की ताकत यही है कि वह उन दुनियाओं के बीच पुल बनाता है, जिन्हें हम खुद शायद कभी पूरी तरह महसूस न कर पाएं। यह फिल्म ठीक यही काम करती है—दिल, इज्जत, और गरिमा के साथ।

वीडियो में अशोक पंडित ने कहा, “हमारे देश में अलग-अलग तरह की फिल्में बनती हैं—एक्शन, मीनिंगफुल सिनेमा, इश्यू-बेस्ड फिल्में। इन्हीं में से एक है ‘तन्वी द ग्रेट,’ जिसे मेरे बड़े भाई और परम मित्र अनुपम खेर ने बनाया है। यह एक ऑटिस्टिक बच्ची की आकांक्षाओं, उपलब्धियों और पैशन की कहानी है। यह हमें प्रेरित करती है कि हम कितनी भी कमजोर क्यों न पड़ें, आगे बढ़ सकते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि वह ऑटिस्टिक लोगों को ‘नॉर्मल’ से अलग नहीं मानते। बल्कि उनकी संवेदनशीलता, भावनात्मक गहराई और पैशन उनसे कहीं ज्यादा होते हैं। जब हम खुद को कमजोर महसूस करते हैं, तो ऐसी प्रेरक कहानियां हमें हिम्मत और आत्मविश्वास देती हैं। फिल्म की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी स्क्रिप्ट, डायरेक्शन, एडिटिंग, लोकेशन, फोटोग्राफी और एक्टिंग सभी शानदार हैं। मैं दिल से कह रहा हूं, यह फिल्म हाईएस्ट क्लास की है।

अशोक पंडित ने दर्शकों से अपील की कि ऐसी फिल्में देखें। अगर हम ऐसी फिल्में नहीं देखेंगे, तो फिल्ममेकर हतोत्साहित हो जाते हैं और भविष्य में ऐसी प्रेरक कहानियां बनाने से कतराते हैं। उन्होंने कहा, “आप सभी से अनुरोध है कि अमेजन प्राइम पर ‘तन्वी द ग्रेट’ जरूर देखें। इसे इतनी अच्छी सफलता मिले कि अनुपम खेर जी को और ऐसी प्रेरणादायक कहानियां बनाने का मौका मिले।”

–आईएएनएस

एमटी/डीकेपी


Related Articles

Latest News