भाजपा नहीं, असदुद्दीन ओवैसी मुसलमानों के सबसे बड़े दुश्मन : विधायक राजा सिंह


पुणे, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। तेलंगाना के गोशामहल से विधायक टी. राजा सिंह ने हैदराबाद से सांसद और एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने ओवैसी को मुसलमानों का सबसे बड़ा दुश्मन बताया और कहा कि वे चाहे बंगाल हो या असम, वे मुसलमानों को वोटबैंक बताकर वहां अपना कारोबार करने गए हैं।

गोशामहल से विधायक टी. राजा सिंह ने पुणे में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, “ओवैसी एक बहुत बड़े कारोबारी हैं और मुसलमानों के सबसे बड़े दुश्मन हैं। चाहे बंगाल हो या असम, वे मुसलमानों को वोटबैंक बताकर वहां कारोबार करने जाते हैं। आज मुसलमानों के दुश्मन हम या भाजपा नहीं हैं। अगर आज मुसलमानों का कोई सबसे बड़ा दुश्मन है, तो वह ओवैसी हैं।”

इसी बीच, उन्होंने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की ‘कोलकाता पर हमले’ वाले टिप्पणी पर कहा, “पाकिस्तान की कोलकाता या भारत के किसी भी अन्य राज्य पर हमला करने की औकात नहीं है। अगर इस बार पाकिस्तान और भारत के बीच युद्ध होता है, तो यह एक पूर्ण युद्ध होगा। लाहौर के हर कोने में भारतीय तिरंगा लहराएगा।”

दरअसल, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शनिवार को अपने गृहनगर सियालकोट में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अगर भविष्य में कोई दुस्साहस हुआ, तो पाकिस्तान इसका जवाब कोलकाता तक हमला करके देगा। आसिफ ने कहा, “अगर भारत इस बार कोई ‘फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन’ करने की कोशिश करता है, तो हम इसे कोलकाता तक ले जाएंगे।”

टी राजा ने ‘द केरल स्टोरी-2’ पर विवाद के बीच अपने बयान में कहा, “आज हिंदुओं को यह समझने की जरूरत है कि उनके दोस्त कौन हैं और दुश्मन कौन। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि ‘द केरल स्टोरी 2’ जैसी फिल्में देखने के बाद भी हमारी बहनें और बेटियां ‘लव जिहाद’ का शिकार बन रही हैं। यह एक साजिश है, जिसका निशाना खास तौर पर महाराष्ट्र के हिंदू हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र सरकार और पुलिस को ऐसी साजिशों को रोकने के लिए पूरी तरह से सतर्क रहना चाहिए। जो कोई भी ‘लव जिहाद’ के नाम पर हिंदू बहनों या बेटियों को अपने जाल में फंसाता है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

–आईएएनएस

डीसीएच/


Related Articles

Latest News