अरुंधति रेड्डी समेत ये 3 खिलाड़ी 'आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ' के लिए नामित


नई दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी समेत पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना और श्रीलंकाई बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा को फरवरी माह के लिए ‘आईसीसी विमेंस प्लेयर ऑफ द मंथ’ के लिए नामित किया गया है।

दाएं हाथ की तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया में तीन मैचों की टी20 सीरीज में भारत की गेंदबाजी की अगुवाई की। वह सर्वाधिक विकेट लेने वाली खिलाड़ी बनकर उभरीं, जिन्होंने 10.87 की औसत के साथ 8 विकेट हासिल किए।

अरुंधति रेड्डी ने सीरीज के पहले मैच में 22 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। अगले मैच में 30 रन देकर 2 विकेट निकाले। सीरीज के तीसरे मैच में 35 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। विकेट लेने की उनकी काबिलियत ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखने में बहुत अहम साबित हुई। आखिरकार भारत ने सीरीज 2-1 से अपने नाम की।

दूसरी ओर, श्रीलंका की टॉप-ऑर्डर बल्लेबाज हर्षिता समरविक्रमा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रीलंका की 2-1 से सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई। इस बाएं हाथ की खिलाड़ी ने सीरीज में सर्वाधिक रन बनाए। उन्होंने 3 वनडे मुकाबलों में 57 की औसत से कुल 171 रन बनाए। समरविक्रमा ने सीरीज में 66, 35 और 70 रन बनाए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए हर्षिता को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया।

पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना के प्रदर्शन पर नजर डालें, तो उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बल्ले के साथ गेंद से भी शानदार प्रदर्शन किया। फातिमा ने वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में 52 रन बनाने के साथ 2 विकेट हासिल किए और तीसरे मैच में 60 रन बनाने के साथ 2 विकेट निकाले। उन्होंने वनडे सीरीज में 39 की औसत के साथ 117 रन जुटाए।

वहीं, फातिमा टी20 सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी रहीं, उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 73 की औसत के साथ कुल 146 रन बनाए। सीरीज के पहले मैच में फातिमा ने 90 रन की पारी खेली। इसके बाद अगले मुकाबले में 9 रन बनाए। अंतिम मुकाबले में फातिमा ने 47 रन की नाबाद पारी खेलने के साथ 2 विकेट निकाले।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News