मुंबई, 20 मई (आईएएनएस)। ‘द वायरल फीवर’ द्वारा बनाई गई एक लोकप्रिय भारतीय हिंदी ड्रामा वेब सीरीज ‘सपने वर्सेस एवरीवन’ ओटीटी पर धूम मचा रही है। दर्शकों से मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स के बीच शो के निर्माता और क्रिएटर अरुणभ कुमार ने इंस्टाग्राम के जरिए इस सीरीज के बनने की कहानी बताई।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर टीम के साथ तस्वीरें पोस्ट कीं। इसमें वे सीरीज के मुख्य कलाकारों समेत कई अन्य के साथ नजर आ रहे हैं। अरुणभ कुमार ने अपनी इस पोस्ट के माध्यम से पूरी टीम का आभार जताया। उन्होंने लिखा, “‘सपने वर्सेस एवरीवन’ मेरे लिए एक सीरीज नहीं बल्कि अपने आप में एक सपना रही है। इस कहानी की शुरुआत साल 2018-219 में हो गई थी, जब अंबरीश वर्मा के दिल में एक अभिनेता, लेखक और निर्देशक बनने का विचार आया था।”
उन्होंने आगे लिखा, “कोविड के समय जब मैं ‘द वायरल फिवर’ को संभालने की कोशिश कर रहा था, तब मैंने सोचा कि अंबरीश वर्मा को वापस टीवीएफ टाइमलाइनर्स में लाया जाए, जहां उन्होंने सेल्स एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम शुरू किया था और अपना पहला स्केच लकिएस्ट मैन ऑफ अर्थ बनाया था।”
अरुणभ कुमार ने सीरीज के बनने की शुरुआत को समझाते हुए लिखा, “सपने” की शुरुआत दिल्ली एयरपोर्ट के पास हनुमान मंदिर में हुई एक लंबी बातचीत से हुई थी। फिर 2022 में गोवा के तिराकोल फोर्ट में इसकी पहली कहानी सुनाई गई। इसके बाद देर रात तक किताबों, कहानियों और विचारों पर हमारी कई चर्चाएं हुईं।
अंबरीश वर्मा की तारीफ करते हुए अरुणभ ने बताया कि वे एक बेहतरीन कहानीकार और शानदार अभिनेता हैं। उन्होंने लिखा, “उन्होंने आसान रास्ता और बड़े ऑफर्स छोड़कर अपनी कहानी को सबसे बेहतर बनाने पर ध्यान दिया।”
निर्माता ने सीरीज की सफलता का श्रेय पूरी कास्ट और क्रू को दिया। उन्होंने लिखा, “परमवीर सिंह चीमा ने ‘प्रशांत’ के किरदार में दिल और भावनाएं डाल दीं। विजयंत कोहली ने ‘मामा’ के रूप में यादगार विलेन बनाया। बाकी कलाकारों और टीम ने भी इस दुनिया को और मजबूत बनाया।”
अंत में उन्होंने म्यूजिक, बैकग्राउंड स्कोर, एडिटिंग और प्राइम टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि ‘जिम्मी’ का किरदार हर उस इंसान का रूप है जो बड़े सपने देखता है।
–आईएएनएस
एनएस/पीएम
