ईसीएचएस में नर्स असिस्टेंट सहित कई पदों पर आवेदन जारी, 8 मई तक मौका


पणजी, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस-पणजी) ने संविदा आधार पर पैरामेडिकल स्टाफ और नॉन-मेडिकल स्टाफ के अलग-अलग 4 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

ईसीएचएस ने जिन 4 पदों पर वैकेंसी निकाली है, उनमें लैब टेक्नीशियन (पणजी), क्लर्क/डेटा एंट्री ऑपरेटर (पणजी), नर्स असिस्टेंट (पणजी) और नर्स असिस्टेंट (सिंधुदुर्ग) का 1-1 पद शामिल है। इन पदों के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 मई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय लास्ट डेट के दोपहर 2 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार बीएससी (मेडिकल लैब टेक्नीशियन), एमएलटी डिप्लोमा, जीएनएम डिप्लोमा या क्लास-I नर्सिंग सहायक पाठ्यक्रम, ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, इंटरव्यू, शॉर्टलिस्टिंग आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 29,200 से 36,500 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी।

इंटरव्यू 15 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक ‘ईसीएचएस सेल, स्टेशन मुख्यालय पणजी, एस वी रोड पणजी पुलिस स्टेशन के पास, गोवा’ पते पर आयोजित किया जाएगा। ऐसे में जो उम्मीदवार इंटरव्यू में शामिल होने वाले हैं, वे मांगे गए सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की ओरिजनल कॉपी साथ में ले जाएं।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ईसीएचएस-पणजी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे ‘ईसीएचएस सेल, स्टेशन मुख्यालय पणजी, गीता बेकरी के पास, एसवी रोड पणजी, गोवा-403001’ पते पर डाक कर दें। इसी के साथ आवेदन पत्र की एक कॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

कैंडिडेट्स ध्यान दें, 8 मई को दोपहर 2 बजे के बाद प्राप्त कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं, भर्ती, योग्यता आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए उम्मीदवार ईसीएचएस-पणजी की ओर से संबंधित पद के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन को चेक कर सकते हैं।

–आईएएनएस

डीके/वीसी


Related Articles

Latest News