दौड़ने और दिखावे की दुनिया में अनु अग्रवाल ने सिखाया 'ठहरने' का हुनर


मुंबई, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। जिंदगी में कुछ हादसे इंसान को पूरी तरह से बदलने के लिए होते हैं, तो कुछ नए सबक सिखाकर उसे और मजबूत बना देते हैं।

एक कार एक्सीडेंट के बाद अभिनेत्री अनु अग्रवाल ने भले ही सिनेमा की दुनिया से थोड़ी दूरी बना ली है, लेकिन अब वह कई लड़कियों के जीवन की मोटिवेशन हैं।

अनु अग्रवाल ने गुरुवार को इंस्टाग्राम पर एक खास पोस्ट किया। उन्होंने पोस्ट में अपने अनुभव से मिले गहरे सबक को शेयर किया। अभिनेत्री ने लिखा, “जिस तरह आप चलते हैं, वैसे ही आप जीवन जीते हैं। ज्यादातर लोग भागते रहते हैं, ज्यादातर लोग दिखावा करते हैं। मैंने भी ये दोनों सीखा, फिर मैंने ठहरना सीखा और उसी ने सब कुछ बदल दिया।”

अनु ने आगे लिखा, “क्या आप अपने दिन को जी रहे हैं या बस उसे जल्दी-जल्दी पार कर रहे हैं?”

यह पोस्ट उनके 1999 के उस घातक एक्सीडेंट की याद दिलाती है, जिसमें उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई थी। उस हादसे के बाद अनु अग्रवाल लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहीं। कई सर्जरी हुईं और रिकवरी का लंबा सफर तय करना पड़ा। फिल्मी करियर बीच में ही रुक गया। लेकिन, इस मुश्किल समय ने उन्हें जीवन के सच्चे मतलब को समझने का मौका भी दिया।

अनु अग्रवाल ने 90 के दशक में ‘आशिकी’ जैसी सुपरहिट फिल्म की थी। उनकी खूबसूरती और अभिनय को खूब सराहा गया था। अनु अग्रवाल ने जितनी जल्दी अपने करियर की ऊंचाइयों को छुआ, वैसे ही उनके जीवन से सब कुछ चला भी गया था।

जब अभिनेत्री अपने करियर के पीक पर थीं, उसी दौरान उनका कार एक्सीडेंट हो गया था, जिस वजह से उनकी हालत बहुत खराब हो गई थी। लगभग एक महीने तक कोमा में रहने के बाद काफी लंबे समय तक उनका इलाज चला था। इसके बाद उन्होंने योग, ध्यान और आध्यात्मिकता का सहारा लिया। योग ने उन्हें शारीरिक और मानसिक दोनों तरफ से मजबूती दी।

–आईएएनएस

एनएस/एबीएम


Related Articles

Latest News