'स्केरी मूवी' में वापसी से बेहद उत्साहित एना फेरिस, बोलीं- यह मेरे लिए भावुक पल


लॉस एंजेलिस, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। हॉलीवुड की मशहूर हॉरर-कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘स्केरी मूवी’ इन दिनों सुर्खियों में है। दरअसल, इसका छठा पार्ट बनने जा रहा है। खास बात यह है कि इस फिल्म में एना फेरिस अपने लोकप्रिय किरदार सिंडी कैंपबेल के रूप में वापसी कर रही हैं, जिसे लेकर वह बेहद उत्साहित हैं।

एना फेरिस ने कहा, “जब मार्लोन वायन्स ने मुझे फोन कर बताया कि वे ‘स्केरी मूवी’ की टीम को फिर से साथ ला रहे हैं, तो इस बात पर एक पल के लिए मुझे यकीन ही नहीं हुआ। यह मेरे लिए खुशी की बात थी।”

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि मैं आखिरकार ऐसी जगह पर हूं, जहां मैं सच में कीनन आइवरी वेन्स और पूरी टीम का धन्यवाद कर सकती हूं, क्योंकि इस फिल्म ने मेरे करियर को एक नई दिशा दी थी। बहुत कम लोगों को ऐसा मौका मिलता है, जब वे अपने पुराने साथियों के साथ फिर से काम कर सकें और वही जादू दोबारा जी सकें।”

एना फेरिस इस फ्रेंचाइजी को लेकर उत्साहित है।

फिल्म की स्क्रिप्ट को लेकर बात करते हुए एना फेरिस ने बताया कि उन्हें जो शुरुआती स्क्रिप्ट मिली है, वह काफी अच्छी है। लेकिन ऐसी फिल्मों में शूटिंग के दौरान कई बदलाव होते रहते हैं। यह एक टीमवर्क वाला प्रोजेक्ट होता है, जिसमें कलाकार अपने हिसाब से जोक्स और डायलॉग्स में बदलाव करते हैं, ताकि फिल्म और भी मजेदार बन सके।

पर्सनल लाइफ को लेकर भी एना फेरिस ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा, ”मैं अपने 13 साल के बेटे जैक को यह फिल्म देखने दूंगी, भले ही इसमें थोड़ा बोल्ड ह्यूमर हो। हर माता-पिता के लिए यह फैसला अलग हो सकता है, लेकिन मेरे बेटे की सिचुएशन थोड़ी अलग है, चूंकि वह फिल्म के सेट पर भी मौजूद रहा है, इसलिए इस माहौल को समझता है।”

इसके साथ ही एना ने एक पुरानी याद भी साझा की। उन्होंने कहा, “जब मैं अपनी मां को ‘स्केरी मूवी’ का पहला पार्ट दिखाने थिएटर ले गई थी, तो वहां का माहौल काफी शोरगुल वाला था। थिएटर खचाखच भरा हुआ था। मैंने अपनी मां को पहले ही समझा दिया था कि मैं जो कहूं, उसे बिना सवाल किए फॉलो करती रहना।”

–आईएएनएस

पीके/एएस


Related Articles

Latest News