45 दिनों में तैयार हो सकता है नया टैरिफ रिफंड सिस्टम : अमेरिका


वॉशिंगटन, 7 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका की एक सरकारी एजेंसी टैरिफ रिफंड प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए एक नया सिस्टम तैयार करने पर काम कर रही है, जो लगभग 45 दिनों में तैयार हो सकता है। कई कंपनियां ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए आपातकालीन आयात शुल्क (इमरजेंसी टैरिफ) की वापसी चाहती हैं, जिन्हें पिछले महीने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया था।

वॉशिंगटन, 7 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (सीबीपी) एक नया सिस्टम विकसित कर रहा है, जिससे टैरिफ रिफंड प्रक्रिया को सरल बनाया जा सके।

यह जानकारी सीबीपी के ट्रेड पॉलिसी और प्रोग्राम्स निदेशालय के कार्यकारी निदेशक ब्रैंडन लॉर्ड ने अमेरिकी अंतर्राष्ट्रीय व्यापार न्यायालय में दाखिल एक दस्तावेज में दी। यह रिपोर्ट एसोशिएटेड प्रेस के हवाले से योनहेप न्यूज एजेंसी ने दी है।

रिपोर्ट के अनुसार, सीबीपी ने आपातकालीन टैरिफ कार्यक्रम के तहत 3,30,000 से अधिक आयातकों से लगभग 166 अरब डॉलर का टैरिफ एकत्र किया है।

20 फरवरी को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप द्वारा 1977 के अंतर्राष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्तियां अधिनियम (आईईईपीए) के तहत देश-विशिष्ट “पारस्परिक” टैरिफ और अन्य शुल्क लगाने के फैसले को खारिज कर दिया था। हालांकि अदालत के फैसले में रिफंड की प्रक्रिया स्पष्ट नहीं की गई थी।

दाखिल दस्तावेज में ब्रैंडन लॉर्ड ने बताया कि मौजूदा व्यवस्था के तहत टैरिफ रिफंड पूरा करने में 44 लाख से अधिक मानव-घंटे लग सकते हैं, जिससे यह प्रक्रिया काफी जटिल और समय लेने वाली बन जाती है। नए सिस्टम में आयातकों से न्यूनतम दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता होगी, जिससे प्रक्रिया आसान हो जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद ट्रम्प प्रशासन आपातकालीन टैरिफ की जगह अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत नए शुल्क लागू करने पर काम कर रहा है। 24 फरवरी को ट्रंप प्रशासन ने 10 प्रतिशत वैश्विक टैरिफ लागू करना शुरू किया, जिसे आगे बढ़ाकर 15 प्रतिशत तक किया जा सकता है।

इसके साथ ही अमेरिका सेक्शन 301 के तहत व्यापार जांच भी शुरू कर रहा है। संयुक्त राज्य अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) के प्रमुख जैसमीन ने कहा कि ये जांच अधिकांश प्रमुख व्यापारिक साझेदार देशों को कवर कर सकती है।

इस बीच पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण दक्षिण कोरिया अपने नागरिकों को निकालने की तैयारी कर रहा है। यूएई से दक्षिण कोरियाई नागरिकों को निकालने के लिए 290 सीटों वाला एतिहाद एयरवेज का चार्टर्ड विमान रविवार दोपहर में अबूधाबी से रवाना होगा।

–आईएएनएस

एनए/पीयूष


Related Articles

Latest News